कांग्रेस ने समाज के गरीब, वंचित लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया: कुमारी सैलजा
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कांग्रेस ने समाज के गरीब शोषित एवं वंचित लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कांग्रेस ने समाज के गरीब, शोषित एवं वंचित लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया है। चाहे वो गरीबों को 100-100 गज के प्लाट देने की योजना रही हो या फिर आप के बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने के साथ ही साथ उन्हें नौकरी देने एवं समाज के लोगों को मान सम्मान देने का विषय रहा हो। पार्टी ने लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ ही साथ आप की उन्नति के लिए अनेक योजनाएं सफलता पूर्वक चलाने का कार्य किया।
यह बात उन्होंने गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के समर्थन में फिरोज गांधी कालोनी में बृहस्पतिवार देर शाम हुई जनसभा के दौरान कहीं। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा प्रदेश में पिछले पांच वर्ष के भाजपा कार्यकाल के दौरान आप लोगों की जितनी उपेक्षा की गई है उतनी पहले कभी भी देखने को मिली होगी।
सुखवीर कटारिया ने कहा आप सभी ने कांग्रेस का शासन देखा और भाजपा का खुद ही देख लें शहर के लिए बेहतर तरीके से किसने काम किया। भाजपा नेता केवल दावा करते हैं उनकी बातों पर अमल होता नहीं नजर आता है। अगर होता तो शहर में समस्याएं नहीं होती। इस अवसर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की सचिव सुनीता सहरावत, बाबू हरिदास, प्रदेश प्रवक्ता खजान सिंह, कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा, रिटायर्ड आइपीएस महाराज सिंह, केएस राव, सूबे सिंह यादव एडवोकेट, धर्मबीर कटारिया, अखिल भारतीय कुशवाहा समाज के प्रदेश अध्यक्ष आरआर मेहता, सतपाल जांगू, जितेन्द्र सुखराली, राजेन्द्र प्रधान, बलराम सहित कई लोग मौजूद रहे।