पटौदी में कांग्रेस की 'वोट बचाओ देश बचाओ' महारैली की तैयारी, कार्यकर्ताओं में जोश
कांग्रेस ने पटौदी में 1 नवंबर को होने वाली 'वोट बचाओ–देश बचाओ' महारैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यकर्ताओं ...और पढ़ें

कांग्रेस की 'वोट बचाओ देश बचाओ' महारैली की तैयारी ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
कांग्रेस ने पटौदी में महारैली की तैयारियां तेज कीं।
मताधिकार, संविधान, चुनावी पारदर्शिता पर कार्यकर्ताओं को लामबंद किया।
भाजपा पर वोट चोरी का आरोप, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग।
आदित्य राज, पटौदी। एक नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली और मार्च की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने पटौदी में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। बुधवार को वार्ड नंबर 13 स्थित शीशम वाली चौपाल में हुई बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे।
बैठक में मताधिकार, संविधान और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को लामबंद करने और महारैली में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
एकजुटता के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
बैठक का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक ने किया, जबकि अध्यक्षता गुरुग्राम ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वर्धन यादव ने की।
मलिक ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार वोट चोरी कर एक प्रकार से लोगों के मताधिकार को समाप्त कर रही है।
सरकार पर बनेगा दबाव
उन्होंने कहा कि रैली की सफलता से सरकार पर दबाव बनेगा और मुख्य चुनाव आयुक्त त्यागपत्र देंगे। कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव, जिला उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी और प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है।
उन्होंने दावा किया कि पटौदी सहित पूरे गुरुग्राम जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता महारैली में शामिल होंगे। इस अवसर पर पवन चौधरी चौधरी, सतबीर पहलवान, सुनीता वर्मा, मनोज कुमार पार्षद, सुखबीर तंवर, इंदरपाल यादव, सुनील यादव, मुकेश डागर, अनिल गंडास, जीतू चौहान, मनदीप राठी, नितिन यादव, दीपक यादव, वेदप्रकाश जनौला, अशोक शर्मा, सूरज भान, पवन माजरी, दीपेश कौशिक, भीम सोनी और अजय सहरावन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
