बेटे व पुत्रवधू पर किया तलवार से हमला, दोनों घायल
कांग्रेस के एक नेता ने अपने बेटे तथा पुत्र वधू पर तलवार से हमला कर दिया।
संवाद सहयोगी, सोहना (गुरुग्राम): एक कांग्रेसी नेता ने अपने बेटे तथा पुत्रवधू पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। भोंडसी थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार को सुबह करीब छह बजे रिठौज गांव में घटी। कांग्रेसी नेता ओमवीर सिंह की अपनी पुत्रवधू मोनिका से कहासुनी हो रही थी। इसी बीच ओमवीर सिंह इतना तैश में आ गया कि उसने तलवार निकाल मोनिका पर वार कर दिया। गर्दन पर किए वार से मोनिका घायल हो गई। उसकी चीख सुन पति राहुल आ गया और पत्नी को बचाने का प्रयास किया। गुस्से में ओमवीर सिंह ने बेटे राहुल पर भी तलवार से हमला किया।
राहुल ने हाथ आगे कर बचने का प्रयास किया तो उसकी दो अंगुलियां कट गईं। शोरगुल सुनकर पड़ोसी आ गए तो ओमवीर सिंह तलवार लहराते हुए भाग गया। घटना की जानकारी भोंडसी थाना पुलिस को दी गई तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पाकर गांव सांप की नंगली निवासी मोनिका के पिता ओमी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने दो साल पहले अपनी बेटी मोनिका और सोनिका की शादी ओमवीर सिंह के बेटे राहुल व राज के साथ की थी। शादी में एसयूवी क्रेटा व पांच लाख नकद दिए थे। इसके बाद भी ओमवीर दहेज के लिए पत्नी बाला व अपने साले के साथ मिलकर मोनिका को तंग करता था। गांव में पंचायत भी हुई मगर मोनिका को इसके बाद भी परेशान किया जाता रहा।
ओमवीर पत्नी के साथ सोहना की फ्रेंड् कॉलोनी में रहता है। बड़ा बेटा राहुल पत्नी के साथ गांव रिठौज में रह रहा है। वह एक कंपनी में कार्यरत है। ओमवीर सुबह कार से सोहना से रिठौज पहुंचा था। भोंडसी थाना पुलिस ओमवीर व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।