पहले रिपोर्ट, फिर वोट अभियान के साथ मैदान में उतरी कांग्रेस
पहले रिपोर्ट फिर वोट अभियान के जरिए कांग्रेस भाजपा से पिछले पांच साल का ब्यौरा मांगेगी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: 'पहले रिपोर्ट, फिर वोट' अभियान के जरिये कांग्रेस भाजपा से पिछले पांच साल का ब्योरा मांगेगी। इस अभियान की शुरुआत कांग्रेस ने शुक्रवार को गुरुग्राम से की। गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक होटल में अभियान के शुरुआत के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव एवं पूर्व मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया मौजूद रहे। इस दौरान अभियान का टीजर लांच कर एक टोल फ्री नंबर जारी किया गया। इस नंबर पर लोग कॉल, मैसेज या प्रतिक्रिया देकर अभियान से जुड़ सकेंगे। अभियान के आगाज पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा फीता काटू सरकार है। भाजपा ने अपने पांच साल कार्यकाल के दौरान एक भी वायदा पूरा नहीं किया है और यह सरकार सिर्फ नारे देने में माहिर है।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने 154 वायदे किए थे, लेकिन इनमें एक भी वायदा पूरा नहीं किया। प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। 4858 क्लर्क पदों के लिए 15 लाख आवेदन पहुंच गए। युवाओं को परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों में धक्के खाने पड़े। कानून और व्यवस्था गड़बड़ हो चुकी है। डीजल के रेट यूपी, राजस्थान व अन्य राज्यों से भी ज्यादा हो चुके हैं। कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में हर वर्ग का भला किया था। गरीबों को 100 गज के प्लॉट दिए थे।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने नई रेलवे लाइन बिछाने से लेकर मेट्रो का हरियाणा तक विस्तार किया है। गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो भी कांग्रेस की देन है, जिसका संचालन भी अब भाजपा के बस की बात नहीं है। भाजपा इवेंट मैनजमेंट सरकार है और अब जनता को मतदान करने से पहले पिछले पांच साल का रिपोर्ट कार्ड मांगना चाहिए।
सरकार ने किया अरावली के साथ खिलवाड़
प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा बिल्डरों और खनन माफिया के साथ मिलकर अरावली वन क्षेत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, किसानों की दोगुनी आय, सबका साथ-सबका विकास जैसे नारे सिर्फ नारे ही रह गए हैं। पहले रिपोर्ट, फिर अभियान भाजपा के पांच साल के कार्यकाल की पोल खोलेगा। भाजपा के शासन में 80 से ज्यादा लोग पुलिस की गोली से मारे जा चुके हैं। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
सैलजा ने कहा कि भाजपा नौकरी में पारदर्शिता का महज दिखावा कर रही है। अब उनके विधायक भी कहने लगे हैं कि सिफारिश के बिना नौकरी नहीं मिलेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ट्रक पर चढ़कर यात्रा करते हैं, जिससे उनको जमीन नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अपरिपक्व हैं, अपने कार्यकर्ताओं की गर्दन काटने की बात करते हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेस के पहले रिपोर्ट, फिर वोट अभियान के माध्यम से भाजपा से पहले रिपोर्ट मांगे और फिर मतदान करें।