सिटी फॉरेस्ट विकसित करने के लिए पौधारोपण अभियान
अरावली पहाड़ी की गोद में बसे गांव सकतपुर गैरतपुर बास एवं शिकोहपुर की एक हजार एकड़ जमीन पर सिटी फॉरेस्ट विकसित करने का कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। इसके लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया गया है। अभियान का शुभारंभ वन एवं लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधे लगाकर किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: अरावली पहाड़ी की गोद में बसे गांव सकतपुर, गैरतपुर बास एवं शिकोहपुर की एक हजार एकड़ जमीन पर सिटी फॉरेस्ट विकसित करने का कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। इसके लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया गया है। अभियान का शुभारंभ वन एवं लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधे लगाकर किया।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जिले में बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए सिटी फॉरेस्ट विकसित करने का निर्णय लिया गया है। सिटी फॉरेस्ट विकसित करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) ट्रीटीड पानी को यहां तक लाया जाएगा ताकि उसका इस्तेमाल पेड़-पौधों के रख-रखाव तथा पानी के प्राकृतिक स्त्रोत विकसित करने में किया जा सके। बहरामपुर एसटीपी से रोजाना 17 करोड़ लीटर पानी को शोधित किया जाता है, जिसमें से केवल 80 से 90 लाख लीटर पानी का इस्तेमाल किया जाता है। लगभग 16 करोड़ लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। जीएमडीए द्वारा इस पानी को सिटी फॉरेस्ट तक लाने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिसका उपयोग यहां पर बनाई जाने वाली झीलों में किया जाएगा।
लैपर्ड सफारी बनाने का प्रयास
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सिटी फॉरेस्ट में लैपर्ड सफारी बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। इसके लिए वह जल्द ही इटावा जाएंगे। वहां पर बनाई गई लॉयन सफारी को देखेंगे। उसके बाद लैपर्ड सफारी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। सिटी फॉरेस्ट में पौधारोपण करने सहित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां भी होंगी ताकि लोग यहां भ्रमण के लिए आ सकें और प्रकृति से जुड़ सकें। इसे विकसित करने के लिए कॉरपोरेट जगत की कंपनियों का सहयोग लिया जा रहा है। कई कंपनियों ने सिटी फॉरेस्ट में पौधारोपण करने के लिए रूचि दिखाई है। वन मंडल अधिकारी सुभाष यादव ने बताया कि सिटी फॉरेस्ट में एडवेंचर जोन, नेचर ट्रेल, बांस कुंज, औषधीय पौधों का गार्डन, सीवरेज के शोधित पानी से झीलें व पौधों की सिचाई तथा वन क्षेत्र विकसित किया जाएगा। वन विभाग द्वारा सिटी फॉरेस्ट में इस साल 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
अधिक से अधिक लगाएं पौधे
मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के ऊपर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी को अपने दादा-दादी, माता -पिता या भाई-बहन के जन्मदिवस या उनकी याद में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। सभी पॉलीथिन का बहिष्कार करें और सामान लाने के लिए कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग करें। कार्यक्रम में पैनासोनिक कंपनी से ऋतु भोज के अलावा सरपंच राव प्रीतम सिंह, हाकम खान, दयाराम, गजराज पंच, चंद्रशेखर पंच, वजीरपुर के सरपंच शेर सिंह चौहान, पार्षद राकेश यादव, कुलदीप यादव एवं ब्रहम यादव आदि शामिल हुए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप