मुख्यमंत्री ने टीवी पर लाइव देखा विधानसभा सत्र
कोरोना संक्रमित होने के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती मुख्यमंत्री मनोहर लाल के स्वास्थ्य में सुधार है। आइसोलेशन वार्ड के रूम में भर्ती मुख्यमंत्री ने कमरे में टीवी पर विधानसभा सत्र की पूरी प्रक्रिया लाइव देखी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कोरोना संक्रमित होने के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती मुख्यमंत्री मनोहर लाल के स्वास्थ्य में सुधार है। आइसोलेशन वार्ड के रूम में भर्ती मुख्यमंत्री ने कमरे में टीवी पर विधानसभा सत्र की पूरी प्रक्रिया लाइव देखी। वह अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों के संपर्क में रहे। गुरुग्राम जिला भाजपा अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली तो डॉक्टर ने बताया कि मंगलवार को हुए टेस्ट की जांच रिपोर्ट आई है जो कि सामान्य है। रक्तचाप भी सामान्य है। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है। ऐसा पहली बार हुआ कि विधानसभा के सत्र में मुख्यमंत्री के अलावा विधानसभा अध्यक्ष ने भी हिस्सा नहीं लिया।
दरअसल सोमवार को मुख्यमंत्री की पंचकूला कोविड लैब में जांच हुई थी तो वह कोरोना संक्रमित मिले थे जिसके बाद वह चंडीगढ़ से गुरुग्राम आकर मेदांता अस्पताल में रात ढाई बजे भर्ती हो गए थे। यहां डॉक्टरों ने कोरोना के अलावा अन्य जांच भी की थी। मुख्यमंत्री का इलाज वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में चल रहा है। मनोहर लाल कोरोना संक्रमित हैं, लेकिन किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष के स्वास्थ्य में सुधार: मंगलवार शाम को मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार उनका स्वास्थ्य बेहतर दिखा। वे कोरोना संक्रमित हैं और उनकी भी पंचकूला कोविड लैब में जांच हुई थी तो जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।