तथ्यों के साथ सत्यता बताने को फील्ड में उतरें कार्यकर्ता: कृष्णपाल गुर्जर
किसानों के हितों के लिए बनाए गए कृषि कानूनों के तथ्यों के साथ सत्यता लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपाई अब क्षेत्र में उतरेंगे। लोक निर्माण विश्राम गृह में केंद्रीय राज्य मंत्री व फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: किसानों के हितों के लिए बनाए गए कृषि कानूनों के तथ्यों के साथ सत्यता लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपाई अब क्षेत्र में उतरेंगे। लोक निर्माण विश्राम गृह में केंद्रीय राज्य मंत्री व फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को कृषि कानूनों के तथ्यों को लेकर फील्ड में उतरने के निर्देश दिए गए। बैठक का विषय 'तथ्य, सत्य और किसान आंदोलन पर चर्चा' था। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मनीष गाडोली व महेश यादव ने किया।
कृष्णपाल गुर्जर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसान आंदोलन के तथ्यों को लोगों को समझाने की जरूरत है। सभी कार्यकर्ता इन कानूनों की पूरी सत्यता लोगों के बीच जाकर बताएं कि किसान को अपनी फसल बेचने की पूरी आजादी रहेगी। कानून किसी भी किसान पर जबरन थोपे नहीं जाएंगे। किसानों की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी है और जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन में इस बात को खुले रूप से कहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद व पिछड़ा वर्ग आयोग की चेयरपर्सन डा. सुधा यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता कृषि कानून के नाम पर ओछी राजनीति कर रहे हैं। कृषि कानून पूरी तरह से किसानों के हित में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय को दोगुना करने के अपने वादे पर अटल हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर इन कृषि कानूनों के फायदे किसानों को बताएं।
बैठक में गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिगला, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग बक्शी, अनिल यादव, हरबीर अधाना, राजेश अरोड़ा, ज्योति डेमला, सोनाली मित्रा, अजीत यादव, यादराम जोया, नगर निगम पार्षद कुलदीप यादव, नीरज यादव, सुरेंद्र गहलोत, सोनिया यादव के अलावा सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।