Exclusive: PM मोदी के 25 वर्ष पूरे, सेवा ज्योति यात्रा का राष्ट्रीय आयोजन गुरुग्राम में; अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा ...और पढ़ें

पीएम मोदी और अमित शाह।
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा ज्योति यात्रा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम में मुख्य अतिथि होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों से शुरू होकर लेजर वैली तक पहुंचेगी यात्रा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को देशभर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी।
इस अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा का राष्ट्रीय आयोजन गुरुग्राम में किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे। गुरुग्राम में होने वाले इस आयोजन को लेकर प्रशासन और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिले के विभिन्न गांवों से सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जाएंगी। अलग-अलग क्षेत्रों से निकलने वाली ये यात्राएं शहर में पहुंचने के बाद सेक्टर-29 स्थित हुडा जिमखाना क्लब मैदान में एकत्र होंगी। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यात्राओं का स्वागत करेंगे।
इसके बाद हुडा जिमखाना क्लब मैदान से लेजर वैली मैदान तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का नेतृत्व अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद और विधायक भी शामिल होंगे।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाली यात्राओं में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की तैयारी है। प्रशासन की ओर से यात्रा के रूट, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गांवों से जिला मुख्यालय तक पहुंचेगी यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा को ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक पहुंचाने की योजना पहले ही तय की गई थी। जिला प्रशासन ने सितंबर में हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक मशाल यात्रा निकालने, यात्रा के रूट निर्धारित करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। इसके तहत सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा ज्योति कलश यात्रा भी इसी अभियान का हिस्सा है।
योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश
सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा कार्यों में वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों की सहायता और शिक्षा के लिए प्रोत्साहन जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है।
गुरुग्राम में राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होने के कारण 7 अक्टूबर का कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
