अजय चौटाला ने दिए इनेलो-जजपा विलय के प्रयास जारी रखने के संकेत
जन-नायक जनता पार्टी के संस्थापक डा. अभय चौटाला ने इनेलो के नेता व कार्यकर्ता खुद को हमसे अलग नहीं मानते हुए जजपा में शामिल हों पार्टी में उन्हें पहले से अधिक सम्मान मिलेगा।
संवाद सहयोगी, पटौदी (गुरुग्राम)
जन-नायक जनता पार्टी के संस्थापक डॉ. अजय चौटाला ने कहा जजपा व इनेलो को एक करने के लिए वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो के नेता व कार्यकर्ता खुद को हमसे अलग नहीं मानते हुए जजपा में शामिल हों। पार्टी में उन्हें पहले से अधिक सम्मान मिलेगा। उनके प्रयास जल्दी रंग भी लाएंगे।
पैरोल पर जेल से बाहर आए डॉ. अजय चौटाला बुधवार की शाम गांव भौड़ाकला आए हुए थे। जजपा नेता महेश चौहान के घर पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा जजपा ने अपने घोषणा पत्र में जो भी वादे किए हैं, उन्हें भाजपा से मिलकर पूरे करवाएगी। जजपा के घोषणा पत्र एवं भाजपा के संकल्प पत्र में कई मुद्दों पर मतभेद हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों द्वारा गठित समिति इन सभी मामलों को आपस में बैठकर सुलझा लेगी। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र के कुछ मुद्दों पर अभी से अमल भी शुरू हो गया है। पार्टी किसे मंत्री बनाने की सिफारिश करेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। किसे मंत्री बनाना है और कौन सा विभाग देना है, यह मुख्यमंत्री बेहतर तरीके से करेंगे। शिवसेना के एक नेता द्वारा उनको लेकर दिए आपत्तिजनक वक्तव्य को लेकर अजय चौटाला ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं है। सोशल मीडिया पर कुछ जजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा से विरोध जताने के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पाबंद कर दिया गया है कि वे ऐसा न करें। उन्होंने कहा कि भाजपा- जजपा की सरकार पूरे पांच वर्ष चलेगी।