कृषि विधेयक किसानों के लिए नुकसानदायक: डा. सुशील गुप्ता
राज्यसभा सदस्य तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा एवं पंजाब राज्यों में पिछले सात दशक से मंडी बोर्ड सिस्टम के जरिये खरीद जारी है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: राज्यसभा सदस्य तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा एवं पंजाब राज्यों में पिछले सात दशक से मंडी बोर्ड सिस्टम के जरिये खरीद जारी है। हरियाणा में राज्य कृषि विपणन मंडल अनाज मंडियों में किसानों की फसल आढ़तियों के जरिये न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने की प्रक्रिया पूरी कराता है। अकेले हरियाणा में करीब 113 अनाज मंडियां,168 सब-यार्ड एवं 196 खरीद केंद्र हैं। केंद्र सरकार ने कृषि विधेयक लाकर लोगों से रोजगार छीनने का मार्ग बना दिया है।
आप नेता बुधवार को एक होटल में प्रेस वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितैषी होने का दम भरने के नाम पर चुनाव जीत कर सत्ता में भागीदार बने बैठे उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। वह किसान विरोधी सरकार का साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 35 हजार आढ़ती हैं, 70 हजार मुनीम और करीब 20 लाख किसान परिवार हैं। मंडी सिस्टम से करीब 4 लाख श्रमिक परिवार भी जुड़े हैं तो सरकार काले बिलों को लाकर इन लाखों लोगों का मुंह का निवाला क्यों छीन रही है।
आम आदमी पार्टी किसानों, आढ़तियों एवं मजदूरों के साथ खड़ी है तथा इन्हें सहारा देने का काम करेगी। दक्षिण हरियाणा के अध्यक्ष आरएस राठी ने कहा कि आप पार्टी ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया है तथा इन काले कानूनों को निरस्त करने के लिए राष्ट्रपति के नाम जिला उपायुक्तों को ज्ञापन भी सौंपे हैं। धीरज यादव, जिला प्रवक्ता राम कुमार गौतम, डा. सारिका वर्मा, अशोक वर्मा, ऋषि गोयल मौजूद रहे।