विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आरोपी का इरादा जान से मारने का था', गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले में पुलिस का बयान; 2 गिरफ्तार

Published: Tue, 15 Sep 2026 04:46 PM (IST)Updated: Tue, 15 Sep 2026 04:57 PM (IST)

गुरुग्राम पुलिस ने गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर मारकर भागने वाले आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights

  1. महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी।

  3. आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान भागने का प्रयास किया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारकर भागने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

अपराध शाखा सोहना की टीम ने मंगलवार सुबह आरोपित कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा-राजगढ़ के बीच से पकड़ा।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद वह अपने गांव पहुंचा था। वहां मीडिया को इंटरव्यू देकर अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं।

डीसीपी ईस्ट संदीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल की गहन जांच और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस जोड़ी है।

वहीं पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद केस में महिला को परेशान करने, पीछा करने से संबंधित धारा 78, 79 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।

'डीसीपी संदीप बोले उसकी हत्या की नीयत थी'

पुलिस से जब पूछा गया कि हत्या के प्रयास का मामला कैसे दर्ज किया गया, क्या मीडिया या सोशल मीडिया का प्रेशर है। तब डीसीपी बोले कि क्लियर दिख रहा है कि उसने जानबूझकर साइड से टक्कर मारी। लेकिन आरोपी का इंटेंट, उसकी नीयत हत्या की ही थी। 

पुलिस ने ये भी बताया कि वह अदालत से कल्याण की दो दिन की हिरासत मांगेंगे। जिसके दौरान उससे विस्तार से बातचीत होगी

लघुशंका करने के बहाने भागने की कोशिश में आरोपित गिरकर घायल

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने लघुशंका करने के बहाने पुलिस से भागने की कोशिश की। भागने के दौरान गिरने से उसके हाथ में कुछ चोटें आई हैं।

उसका प्राथमिक उपचार करवाया गया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है, जो उसके दोस्त के नाम पर है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम हिट एंड रन केस में घायल सिया बयान दर्ज कराने पहुंचीं कोर्ट, पुलिस सुरक्षा में हुईं पेश

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम हिट एंड रन केस का आरोपी कल्याण बैंसला राजस्थान से गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का चलेगा केस