सब-वे में डूबने से मरा शख्स बलदेव नगर का रहने वाला था
बारिश के बाद पानी से लबालब हुए राजीव चौक से लघु सचिवालय जाने वाले सब-वे (पैदल पार पथ ) में डूब कर मरे युवक की पहचान मंगलवार को हो गई। युवक दुर्गेश बलदेव नगर का रहने वाला था।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: बारिश के बाद पानी से लबालब हुए राजीव चौक से लघु सचिवालय जाने वाले सब-वे (पैदल पार पथ ) में डूब कर मरे युवक की पहचान मंगलवार को हो गई। युवक दुर्गेश बलदेव नगर का रहने वाला था। वह आटो चलाता था। सोमवार शाम करीब चार बजे दुर्गेश सब-वे में डूब गया था। सात से आठ फुट पानी भरा होने के बाद भी वह अंदर क्यों गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका। उसकी पहचान भी नहीं हो पाई थी। हाथ पर दुर्गेश गोदा हुआ था। मंगलवार सुबह दुर्गेश के स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की।
इधर, कांग्रेस पिछड़ा प्रकोष्ठ के महासचिव राहुल यादव ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर सब-वे में डूब कर मरने वाले युवक मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। अपने पत्र में राहुल यादव ने लिखा है कि नगर निगम, गुरुग्राम की सभी परियोजनाएं फेल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम सहित अन्य विभागों द्वारा यह दावा किया गया था कि सब-वे में कोई जलभराव नहीं होगा। बरसात की संभावना को देखते हुए यहां पर कोई इंतजाम नहीं किए गए। इन सब-वे में जलभराव के बावजूद कोई भी पंप पानी निकालने के लिए नहीं लगाया गया। न ही कोई अवरोधक नहीं लगाया गया। नगर निगम का कोई कर्मचारी व पुलिस विभाग का कोई कर्मचारी ड्यूटी पर भी नहीं लगाया गया था जो लोगों को यह बता सके कि यहां जाना वर्जित है। इसलिए इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम अधिकारियों व संबंधित कार्यकारी अभियंता की बनती है।