चालान राशि की रिकवरी नहीं होने से अटका वेतन
नगर निगम की टीमों द्वारा काटे गए चालान की राशि रिकवर नहीं होने से नगर निगम के कई कर्मचारियों का वेतन अटक गया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: नगर निगम की टीमों द्वारा काटे गए चालान की राशि रिकवर नहीं होने से नगर निगम के कई कर्मचारियों का वेतन अटक गया है। पिछले दो माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। निगम की इंजीनियरिग विग के जेई, एसडीओ और एक्सईएन को वेतन नहीं मिला है। अगर इस माह भी वेतन नहीं मिला तो बिना वेतन काम करते हुए तीन माह गुजर जाएंगे।
बता दें कि नगर निगम की टीमों द्वारा सीएंडी वेस्ट यानी मलबे को हर कहीं फेंकने वालों, खुले में कचरा जलाने वालों, बिना ढके निर्माण सामग्री रखने, प्रदूषण फैलाने व पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के चालान काटे गए थे। काफी संख्या में चालान किए गए थे और लाखों रुपये की चालान राशि की रिकवरी नहीं हो पा रही है। लोगों ने चालान राशि नगर निगम में जमा नहीं करवाई है। पहले रिकवरी करो, फिर मिलेगा वेतन: निगमायुक्त कार्यालय की ओर से आदेश हैं कि जो भी जेई या अन्य कर्मचारी उसके द्वारा काटे गए चालानों की रिकवरी कर लेगा, तभी वेतन दिया जाएगा। आउटसोर्स के जरिए नियुक्त किए गए कई जेई का भी वेतन रुका हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण परेशानी हो रही है।
चालान राशि की रिकवरी करने के बाद ही कर्मचारियों का वेतन दिया जाएगा। चालान काटने के वक्त उस राशि की रिकवरी भी जरूरी है।
विनय प्रताप सिंह, नगर निगम आयुक्त गुरुग्राम।