अब ऑनलाइन कर सकेंगे फसल बीमा क्लेम का दावा
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने किसानों को बेहतर सुविधा देने के लिए कंप्यूटर सेवा शुरू की है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने किसानों को बेहतर सुविधा देने के लिए कंप्यूटर सेवा शुरू की है। डिजिटल सेवा शुरू होने से किसान अपनी फसल बर्बाद होने की स्थिति में बीमा क्लेम आदि का दावा भी ऑनलाइन कर सकेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में कियोस्क (किसान डिजिटल सेवा) मशीन लगाई है। इसका शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने किया।
इस सेवा के शुरू होने से किसान अपनी कई तरह की जानकारी ऑनलाइन हासिल कर सकेंगे। इसके माध्यम से किसान अपनी फसल बीमा योजना के बारे में पूरी जानकारी ले सकते हैं। फसल बर्बाद होने की स्थिति में इसके माध्यम से ऑनलाइन क्लेम का दावा किया जा सकता है। इसके अलावा क्लेम की क्या स्थिति है, उनकी बीमा राशि कितनी पास हुई है, बीमा राशि कब और कैसे मिलेगी, इसकी जानकारी ले सकेंगे। इससे पहले किसानों को बीमा कंपनियों के यहां चक्कर काटने पड़ते थे और पूरी जानकारी भी उपलब्ध नहीं हो पाती थी।
किसान डिजिटल सेवा की शुरुआत की गई है। इस मशीन के माध्यम से पूरी जानकारी किसानों को एक क्लिक पर ही उपलब्ध हो जाएगी।
डॉ. रजनी छिकारा, सांख्यिकी अधिकारी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, गुरुग्राम