दो गुटों में हुआ झगड़ा, एक शख्स की मौत
गांव झाड़सा की प्रेमपुरी कॉलोनी में शनिवार देर रात दो गुटों में झगड़ा हो गया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गांव झाड़सा की प्रेमपुरी कॉलोनी में शनिवार देर रात दो गुटों में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि एक गुट ने दूसरे गुट के ऊपर चाकुओं से हमला बोल दिया। इससे एक शख्स की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमपुरी कॉलोनी में किराये पर परिजनों के साथ रहने वाले मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के गांव विशनपुर निवासी 17 वर्षीय संजीत व उसके दोस्त कृष्ण, राहुल एवं अभिषेक की नजदीक ही रह रहे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के गांव बोलदावादी निवासी पिटू उर्फ गुलशन से किसी बात को लेकर शनिवार रात लगभग ग्यारह बजे झगड़ा हो गया। आसपास के लोगों ने शांत कराने का प्रयास किया लेकिन दोनों नहीं माने।
आरोप है कि इसके बाद गुलशन अपने परिजनों के साथ पहुंचा और संजीत व उसके दोस्तों के ऊपर चाकुओं से हमला बोल दिया। गर्दन के नजदीक चाकू लगने से संजीत की मौत हो गई। कई जगह चाकू लगने से घायल अभिषेक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो कृष्ण एवं राहुल को भी एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले से गुस्साए लोगों ने रात में ही कुछ देर के लिए नजदीक सड़क जाम लगा दिया था लेकिन सूचना मिलते ही इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त अमन यादव एवं सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बसंत कुमार मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपित गुलशन फरार है। अन्य आरोपित उसकी मां गीता एवं उसके भाई शुभम को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को सोमवार दोपहर अदालत में पेश किया जाएगा। गुलशन को पकड़ने के लिए टीम बना दी गई है। जल्द ही वह भी गिरफ्त में होगा। गुरुग्राम में ही रहता है पूरा परिवार
झगड़े में मारे गए संजीत का पूरा परिवार गांव झाड़सा में ही रहता है। वह सरकारी स्कूल में 7वीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ ही वह मेहनत-मजदूरी भी कभी-कभी कर लेता था। उसके पिता संजय ठाकुर नाई की दुकान चलाते हैं। संजीत दो भाइयों में बड़ा था। थाना प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि लड़ाई क्यों हुई थी, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया यह भी जाता है कि गुलशन से लड़ाई संजीत की नहीं बल्कि उसके दोस्तों की हुई थी। वह बीच-बचाव कराने के लिए पहुंचा तो उसके ऊपर भी हमला कर दिया गया। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।