गणपति पंडालों में महक उठी मराठी थियेटर परंपरा की खुशबू
गणेश महोत्सव के पूजा पंडालों में मराठी संस्कृति का रंग चढ़ने लगा है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गणेश महोत्सव के पूजा पंडालों में मराठी संस्कृति का रंग चढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों की भी खूब भागीदारी हो रही है। महाआरती में काफी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। बारिश और मौसम में तब्दीली के बावजूद शाम के वक्त पंडालों में होने वाली गणेश वंदना और अथर्वशीर्ष पाठ में लोग पहुंचे।
बृहस्पतिवार की शाम सेक्टर 27 के सामुदायिक भवन के पूजा पंडाल में गजलों का कार्यक्रम हुआ। मराठी नाटक गझल और हिदी नाटक दिल की बात का मंचन किया गया। हर्षिकेश महाले निर्देशित इस नाटक का लोगों ने लुत्फ लिया। संगठन के अध्यक्ष मनोज खरड़, उपाध्यक्ष जीवन तलेगांवकर, महासचिव शांताराम उदागे और कार्यक्रम सचिव अतुल मोघे समेत संगठन के सदस्यों ने इसमें हिस्सा लिया।
शनिवार को इस पंडाल में महिलाओं और बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इसमें पेंटिग, ड्राइंग, पाक कला, रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। सेक्टर चार स्थित वैश्य धर्मशाला में सह्याद्री गणेश महोत्सव के पूजा पंडाल में बच्चों के लिए पेंटिग की प्रतियोगिता आयोजित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने संगीत और नृत्य का रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी मेयर परमिदर कटारिया ने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया। संगठन प्रमुख संतोष तालेकर ने उनका स्वागत किया। अतिथियों ने महाआरती में भी हिस्सा लिया।