खत्तों से कूड़ा नहीं उठाने से बढ़ी परेशानी
खत्तों (डंपिग प्वाइंट्स) से कूड़े का उठान नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में परेशानी बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : खत्तों (डंपिग प्वाइंट्स) से कूड़े का उठान नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में परेशानी बढ़ गई है। कूड़े के ढेरों से दुर्गध फैलने के कारण बीमारियां होने का डर भी है। शहर में कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी इको ग्रीन एनर्जी कंपनी की है, लेकिन काफी जगहों से कूड़ा नहीं उठाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
नगर निगम के जोन -3 से भी ऐसी शिकायतें मिलने के बाद इको ग्रीन कंपनी के अधिकारियों को तुरंत समस्या का समाधान करने के आदेश दिए गए हैं। जोन-3 के संयुक्त आयुक्त हरिओम अत्री ने बताया कि नियमित रूप से कूड़ा उठाने और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित करने के लिए इको ग्रीन के अधिकारियों को कहा गया है। अगर फिर भी व्यवस्था नहीं सुधरती है तो एक्शन लिया जाएगा। खुले में डाला जा रहा है कचरा
कचरा डंपिग प्वाइंट पर खुले में कचरा डाला जा रहा है। यह कचरा रोजाना नहीं उठाने के कारण इधर-उधर फैल जाता है। कई रिहायशी इलाकों के आसपास स्थित प्वाइंट पर गंदगी होने से लोग काफी परेशान हो रहे हैं। शहर से रोजाना करीब 900 मीट्रिक टन कूड़ा बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर पहुंच रहा है।