हर्षोल्लास से मनाया गुरु पूर्णिमा पर्व
आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय पटौदी में गुरु पूर्णिमा पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया।
संवाद सहयोगी, पटौदी: आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय पटौदी में गुरु पूर्णिमा पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं का सोमवार से आश्रम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह आश्रम के संचालक महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज एवं अन्य श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन स्वामी अमरदेव तथा ब्रह्मलीन स्वामी कृष्णदेव का पूजन किया एवं आरती उतारी। बाद में श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव को तिलक कर उनकी पूजा की।
इस मौके पर स्वामी धर्मदेव ने नए शिष्यों को दीक्षा दी। इधर दोपहर को आयोजित सत्संग सभा में स्वामी धर्मदेव ने लोगों को अपना जीवन सुंदर एवं संस्कारित बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि किताबें तो बहुत हैं लेकिन ग्रंथों की पूजा उनकी अच्छी, प्रेरणादायक एवं आध्यात्मिक बातों के कारण ही होती है। ग्रंथ हमारे जीवन की ग्रंथियां खोल देते हैं व सभी शंकाओं का समाधान कर देते हैं। हमारा जीवन गुणों से भरपूर होना चाहिए ताकि अन्य लोग उससे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि अच्छे गुरु की तलाश करना गलत नहीं है लेकिन उससे पूर्व हमें अच्छा शिष्य भी बनकर दिखाना चाहिए। एक अच्छा शिष्य ही भविष्य में एक अच्छा गुरु भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि संत व गुरुजन चलते फिरते तीर्थ होते हैं।
इस अवसर स्वामी धर्मदेव के शिष्य अभिषेक बांगा, तिलकराज, गोविद, संजीव कपिल, प्राचार्य मदनमोहन भट्ट, भाजपा नेता सत्यपप्रकाश जरावता, मेहर सिंह गांधी, नगरपालिकाध्यक्ष चंद्रभान सहगल, सुरेश चौधरी, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राधेश्याम मक्कड़, सुरेंद्र धवन, अनिल कालड़ा, मोक्ष शास्त्री, अशोक शास्त्री, विजय शास्त्री तथा अजय उपस्थित थे।