यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आयरन की गोली खाने से बीमार हुए डेढ़ सौ से ज्यादा बच्चे

जागरण संवाद केंद्र, गुड़गांव : आयरन व फोलिक एसिड की दवा खाने से बीमार हुए 31 और बच्चों को मंगलवार को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन्होंने भी सोमवार को यह दवाई खाई थी। अब जिले में करीब 150 बच्चों ने यह दवा खाने के बाद पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की है।
मंगलवार दोपहर भोंडसी स्थित प्राथमिक राजकीय स्कूल से काफी संख्या में बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की। यहां से 28 बच्चों को सामान्य अस्पताल लाया गया और उनकी जांच की गई। इसमें से 17 बच्चियों को भर्ती कर उन्हें ग्लूकोज चढ़ाया गया। भोंडसी से आई छठी कक्षा की पूनम और प्रीति ने बताया कि उन्हें सिर में बहुत दर्द हो रहा था। सोमवार को दर्द हल्का था, लेकिन मंगलवार को भी कम नहीं हुआ। मीनाक्षी और सोनिया के परिजनों ने बताया कि ये स्कूल में बेहोश हो गई थी। छठी कक्षा की अंजू, मीनाक्षी, प्रीति, आरती, पूजा और चंचल ने बताया कि पेट दर्द और उल्टी के अलावा उन्हें चक्कर भी आ रहे थे। गुड्डी ने बताया कि उसे सोमवार से चक्कर आ रहे हैं।
सिविल सर्जन डा. पुष्पा बिश्नोई ने बताया कि जब लड़कियां सहज महसूस करेंगी, तभी उन्हें घर जाने दिया जाएगा। इनकी हालत ठीक है। कुछ क मजोर और एनीमिक हैं। उन्हें कोई गंभीर समस्या नहीं है। यह दवा का साइड इफेक्ट हो सकता है। अस्पताल के पीएमओ डा. असरूद्दीन ने कहा कि आयरन की दवा रोज अस्पताल में आने वाली लगभग डेढ़ सौ गर्भवती महिलाओं को दी जाती है।
नेशनल रूरल हेल्थ मिशन के वीकली आयरन फोलिक एसिड कार्यक्रम के तहत छठी से 12 वी कक्षा तक के बच्चों को ये दवा दी जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत 52 हफ्ते गोली दी जानी है।
बच्चों को दी जाएगी चार हफ्ते छोटी गोली
आयरन की गोली लेने से साइड इफैक्ट के रूप में पेट में दर्द या जी मिचलाना हो सकता है, लेकिन ये गोलिया शरीर में खून की कमी को दूर करने के लिए आवश्यक है, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है। अक्सर खाली पेट आयरन की गोली लेने से किसी-किसी व्यक्ति को पेट में गैस या दर्द या फिर जी मिचलाने जैसी थोड़ी दिक्कत हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। जो बच्चें ये दवा खाने से बीमार हुए उन्हें अगले चार सप्ताह के दौरान आयरन की छोटी गोली दी जाएगी, ताकि उनका शरीर आयरन को पचाने के लिए तैयार हो सके। आयरन की गोलिया किसी भी रूप में हानिकारक नहीं है।
डा. सुनीता राठी, उप सिविल सर्जन
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
