जिन दलों का जनता के साथ गठबंधन हो, उन्हें दूसरे दलों की जरूरत नहीं : बराला
जागरण संवाददाता फतेहाबाद टोहाना के विधायक एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कह
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
टोहाना के विधायक एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अकेले अपने दम पर प्रदेश की सभी दस सीटों पर भारी मतों से जीत दर्ज करेगी। भाजपा अध्यक्ष ने किसी भी दल के साथ गठबंधन की बात को नकारते हुए कहा कि पार्टी का गठबंधन हरियाणा की जनता के साथ है, किसी और दल की बैसाखी की जरूरत पार्टी को नहीं है। वे रविवार को भूना रोड स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बराला ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले नगर निगम के चुनाव में भाजपा को परचंड जीत तथा बाद में जींद उपचुनाव में जीताकर यह दिखा दिया है कि वे प्रदेश सरकार की नीतियों से खुश है। उन्होंने कहा कि जींद विधानसभा सीट भाजपा के खाते में कभी नहीं रही। इस सीट पर जीत ने दर्शाया है कि भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जिन दलों का जनता के साथ गठबंधन हो, उन्हें दूसरे दलों की जरूरत नहीं है। एक सवाल के जवाब में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हर सीट पर अनेक नेताओं ने अपनी दावेदारी जताई है और अगली प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी तथा चुनाव समिति की बैठक के बाद पैनल बनाकर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संगठन ने अपनी रणनीति निर्धारित कर ली है और उसी रणनीति के तहत दस सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है। सैनिकों के मान-सम्मान को बढ़ाया है। प्रदेश सरकार ने 250 सैनिकों के आश्रितों को नौकरी प्रदान की है। आम आदमी पार्टी और जजपा के बीच गठबंधन की बात न बनने के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इनका गठबंधन जींद के उपचुनाव में भी था, परंतु वहां पर इनको हार ही मिली थी। उन्होंने कहा कि अरविद केजरीवाल का मुखौटा सबके सामने हैं। केजरीवाल ने पंजाब चुनाव के दौरान हरियाणा को एसवाईएल का पानी न देकर बात कहकर प्रदेश के साथ दगा किया था। दिल्ली राज्य की सरकार ने यमुना नदी के पानी में वहां के सीवरेज का पानी मिलाकर उसे दूषित करने का काम किया है। केजरीवाल की नीति हरियाणा विरोधी ही रही है।
इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक नृपेन्द्र श्योराण, जिला प्रधान वेद फुलां, डा. वीरेन्द्र सिवाच, गुलशन हंस, लक्ष्मण नापा, दर्शन नागपाल, रामराज मेहता आदि उपस्थित थे।