स्टील फैक्टरी की छत पर मिला मजदूर का शव
फतेहाबाद रोड पर बनी लीला स्टील फैक्टरी की छत पर संदिग्ध परिस्थिति म
संवाद सूत्र, भट्टूकलां : फतेहाबाद रोड पर बनी लीला स्टील फैक्टरी की छत पर संदिग्ध परिस्थिति में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। इस मजदूर की मौत महज हादसा है या लापरवाही यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस ने शव का फतेहाबाद नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव उनके परिजनों को सौंप कर जांच शुरू कर दी है। भट्टूकलां निवासी 22 वर्षीय आलम फतेहाबाद रोड पर बनी लील स्टील फैक्टरी में पिछले कई माह से मजदूरी का काम करता था। रविवार रात्रि करीब सवा नौ बजे इस मजदूर का शव फैक्टरी की छत पर बनी लोहे की टिन पर पड़ा मिला। मृतक मजदूर का मुंह दीवार के साथ लटका हुआ था। करीब 20 फुट ऊंची इस फैक्टरी की छत पर चढ़ने के लिए कोई स्थाई सीढ़ी भी नहीं है। जिसके कारण यह हादसा संदेह के घेरे में नजर आ रहा है। इस फैक्टरी की छत पर बिजली की केबल पड़ी है, जोकि कई जगह से कटी हुई है। जिसमें फैक्टरी संचालक की लापरवाही होना सामने दर्शाता है। मृतक मजदूर के साथी अनिल ने बताया कि वह करीब सवा नौ बजे खाना बनाते समय बाहर निकला तो साथी मजदूर का शव फैक्टरी की छत पर दीवार के साथ उल्टा लटका हुआ था। जिस पर उन्होंने इस घटना के बारे में दूसरे मजदूरों को अवगत करवा कर भट्टू मण्डी के एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी मुकेश बैनिवाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता बिहाईद के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्यवाही की है। मामले की जांच की जा रही है।