रोडवेज कर्मचारी यूनियन 23 और 24 फरवरी को करेगी चक्का जाम
हड़ताल की तैयारियों को लेकर रोडवेज नेताओं ने फतेहाबाद में कर्मचारियों की बैठक ली जा
हड़ताल की तैयारियों को लेकर रोडवेज नेताओं ने फतेहाबाद में कर्मचारियों की बैठक ली
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
विभागीय मांगों एवं देश व प्रदेश सरकार की निजीकरण जैसी जनविरोधी नीतियों के विरोध स्वरूप रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ एवं एटक के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारी 23 और 24 फरवरी को हड़ताल कर चक्का जाम करेंगे। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल, वरिष्ठ उप प्रधान दिलबाग मलिक, उप महासचिव दीपक बल्हारा, उप प्रधान रमेश मलिक, प्रेस प्रवक्ता नरेश चमारखेड़ा, पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र मलिक द्वारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारियों के लिए फतेहाबाद डिपो के कर्मचारियों की बैठक डिपो प्रधान संदीप जांडली की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
रोडवेज नेताओं ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार अपने चहेते पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी विभागों जिनमें बैंक, रेलवे, बीमा, एयरलाइंस, खदान यहां तक की सेना से जुड़े क्षेत्रों का निजीकरण करने जा रही है। इससे इन क्षेत्रों में काम कर रहे संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के करोड़ों कामगारों के साथ-साथ आमजन में भी भारी रोष है। परिवहन विभाग में स्टेज कैरिज स्कीम 2016 जो पूर्व परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार द्वारा निरस्त कर दी गई थी, उसे दोबारा से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। अगर पूंजीपतियों के दबाव में इसे लागू किया गया तो सार्वजनिक परिवहन पूर्ण रूप से बर्बाद हो जाएगा। रियायती दरों पर यात्रा संभव नहीं हो सकेगी और प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए परिवहन क्षेत्र में सरकारी रोजगार के रास्ते सदा के लिए पूर्ण रूप से बंद हो जाएंगे।
विभागीय मांगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग में ठेका प्रथा समाप्त करते हुए 2016 में भर्ती चालक एवं कर्मशाला कर्मचारियों सहित तमाम कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। परिचालकों व क्लर्कों का वेतनमान अपग्रेड किया जाए। सभी कर्मचारियों को 5 हजार रुपये जोखिम भत्ता दिया जाए। पिछले 4 वर्ष से बकाया बोनस का भुगतान किया जाए।1992 से 2002 के बीच भर्ती कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का किया जाए। बैठक में अनिल भाटिया, हवा सिंह पूनिया, राजू बिश्नोई, राजेश सारवास, सुनील जांगड़ा, हनुमान वर्मा, सत्यवान नहला, राजवीर, संजीव बोस्ती, नरेश सनियाणा, रिछपाल सोनी, राजेश भादू सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।