विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहाबाद में निमोनिया से तीन साल में 27 बच्चों की मौत, सर्दी में बढ़ रहा संक्रमण का खतरा

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:30 PM (IST)

फतेहाबाद में पिछले तीन सालों में निमोनिया से 27 बच्चों की मौत हो चुकी है, जिसका मुख्य कारण समय पर उपचार न मिलना और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना है।

निमोनिया से तीन साल में 27 बच्चों की मौत। फोटो जागरण

निमोनिया से तीन साल में 27 बच्चों की मौत। फोटो जागरण

HighLights

  1. फतेहाबाद में तीन साल में 27 बच्चों की निमोनिया से मौत।

  2. समय पर उपचार न मिलना, लक्षणों को नजरअंदाज करना मुख्य कारण।

  3. बच्चों, बुजुर्गों को ठंड से बचाएं, तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। सर्दी के मौसम में निमोनिया बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जिले में पिछले तीन वर्षों के दौरान निमोनिया से 27 बच्चों की मौत हो चुकी है। समय पर उपचार नहीं मिलना और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना भी मौत का बड़ा कारण बन रहा है। बच्चों के साथ अब बुजुर्ग भी निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं।

खासकर सर्दी के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। निमोनिया फेफड़ों में होने वाला संक्रमण है। इसमें फेफड़ों की छोटी वायु थैलियों में सूजन आ जाती है और उनमें तरल पदार्थ या मवाद भर सकता है।

इससे मरीज को सांस लेने में परेशानी होने लगती है। छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होने के कारण संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। वहीं बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए भी यह बीमारी जोखिम बढ़ा देती है।

तेज सांस और सीने का धंसना खतरे का संकेत

बच्चों में निमोनिया के प्रमुख लक्षण तेज बुखार, खांसी, तेजी से सांस लेना, सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द हैं। छोटे बच्चों में दूध पीने में परेशानी, सुस्ती और भोजन कम करने जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। सांस लेते समय पसलियों के नीचे का हिस्सा अंदर धंसना गंभीर संकेत है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर जाना चाहिए।

उपचार में देरी पड़ सकती है भारी

कई बार अभिभावक बच्चों में खांसी और बुखार को सामान्य सर्दी समझकर घरेलू उपचार करते रहते हैं। चिकित्सक के पास पहुंचने में देरी होने से संक्रमण गंभीर हो सकता है। निमोनिया का उपचार संक्रमण के कारण और मरीज की स्थिति के अनुसार किया जाता है।

जीवाणु संक्रमण में चिकित्सक एंटीबायोटिक दे सकते हैं, जबकि वायरल संक्रमण का उपचार अलग होता है। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं देना नुकसानदायक हो सकता है। बच्चों को समय पर टीकाकरण करवाना, पर्याप्त पोषण देना और छोटे बच्चों को स्तनपान करवाना निमोनिया से बचाव में मददगार है। सर्दी में बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाकर रखना चाहिए।

देखने में यह बीमारी छोटी होती है, लेकिन यह गंभीर है। छोटे बच्चों में रोग से लड़ने की क्षमता कम होती है। ऐसे में वो इसकी चपेट में अधिक आते है। अपने आप दवाइयां शुरू नहीं करनी चाहिए बल्कि चिकित्सकों से संपर्क करना चाहिए।

- डॉ. समीर टूटेजा, बाल रोग विशेषज्ञ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।