बेटे को नशे की थी तलब, गुनाह में लिपटी ममता
जेल में बंद बेटे को नशे की तलब लगी। उसने मिलने आई मां से अफीम की मांग की और इसके मिलने का ठिकाना भी बताया। बेटा कोर्ट में पेशी पर आया तो मां अफीम लेकर पहुंच गई, लेकिन पकड़ी गई।
फतेहाबाद, [मणिकांत मयंक]। भीगी आंखों को पोंछती है। अशांत अंतर्मन को टटोलती है। बच्चों के हर गुनाह को पलभर में धोती है। मां तो आखिर मां होती है। तमाम तर्कों से परे ममता की एक और बानगी यहां सामने अाई और बेटे के प्यार में अंधी मां गुनाह कर बैठी। हत्या का प्रयास के मामले में जेल में बंद बेटे ने अफीम की तलब जताई तो मां ने कोर्ट में पेशी पर अाए बेटे को कपड़े के संग छिपाकर अफीम दे दी। पुलिस ने मां को एेसा कडते पकड़ लिया। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
फतेहाबाद के कोर्ट में बृहस्पतिवार दोपहर को हिसार जेल से पेशी पर आए अभियुक्त को कपड़ों के साथ अफीम की सप्लाई देते हुए उसकी मां को गिरफ्तार किया गया। बेटे की डिमांड पर मां अफीम देने पहुंची थी।जिले के गांव पिलछियां की किरणो देवी का इकलौता बेटा है जीवन। तकरीबन 45 साल उसकी उम्र होगी। वह हत्या का प्रयास मामले में सात महीने से जेल में बंद है। पिछली बार जब उससे मिलने उसकी मां हिसार जेल गई थी तो जीवन ने अफीम की ख्वाहिश जताई थी। उसने इस नशे की उपलब्धता के सारे स्रोत अपनी मां को बता दिए थे। यहां तक बताया था कि पंजाब में मानसा स्थित उसका दोस्त अफीम उपलब्ध करा देगा।
उससे नशा मिलने के बाद मां बृहस्पतिवार को करीब 11 बजे जब वह हिसार जेल से पेशी पर आए बेटे से मिलने पहुंची। वह कपड़े में छिपाकर 13.7 ग्राम अफीम साथ लेकर आई, लेकिन कोर्ट गेट पर चेकिंग के दौरान वह पकड़ी गई। इस तरह, ममता की मारी 60 साल की मां ने अपने बेटे की अनुचित-अवैध-आपराधिक मांग पूरी करने का गुनाह कर दिया।
जीवन को पुलिस कोर्ट में पेशी के बाद वापस लेकर जा रही थी तो मां ने बैग पकड़ाया, जिसमें कपड़े थे। पुलिस ने शक होने पर कपड़ों की चेकिंग की तो उसमें से 13.7 ग्राम अफीम बरामद हुई। कोर्ट में मौजूद पुलिस ने शहर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अभियुक्त महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और शहर थाना में ले आई। पुलिस ने अभियुक्त मां के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
हिसार जेल भेजी गई महिला
महिला ने सारी बातें पुलिस की पूछताछ में कबूली है। इसकी तसदीक सदर थाना के एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने किया है। वह बताते हैं कि महिला कांस्टेबल द्वारा की गई चेकिंग के दौरान वह पकड़ी गई है। अब उसे हिसार के बोस्टर्ल जेल भेज दिया गया है।
हजारों मां की ममता पर व्यवस्था का खंजर
पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्तमान व भविष्य-दोनों ही पीढिय़ों पर नशे का नशा छाया हुआ है। हालात ये हैं कि नशे के कारोबारियों का नेटवर्क तोड़ना सरकारी व्यवस्था के बूते से बाहर हो रहा है। हजारों मां अपनी आंखों के सामने जिगर के टुकड़े को नशे के गर्त में डूबते देख रही हैं। उनकी ममता पर व्यवस्था का खंजर चलता ही जा रहा है। कारण कि नशा यहां निरंकुशता का पर्याय बना हुआ है।
मानसा से लाई गई थी अफीम
पुलिस को दिए बयान में किरणो देवी ने बताया कि मानसा निवासी हैप्पी उसे अफीम देकर गया था। पुलिस के मुताबिक हैप्पी भी एक मामले में अभियुक्त है और वह जमानत पर है। हैप्पी से अफीम मिलने के बाद वह कपड़ों में छिपाकर बृहस्पतिवार को देने के लिए पहुंची थी।
------
'' हमारा लगातार प्रयास चल रहा है कि नशे पर अंकुश लगे। काफी सफलता भी मिली है। अब हम एकबार फिर नशा प्रभावित क्षेत्रों में डी-एडिक्शन व अन्य नशा मुक्ति अभियान चलाएंगे।
- दीपक सहारण, एसपी।