विधायक ने सुनीं जनसमस्याएं, शीघ्र निपटान का दिया आश्वासन
संवाद सूत्र भूना विधायक दुड़ा राम ने शनिवार को टोहाना रोड स्थित भूना किसान रेस्ट हाउ
संवाद सूत्र, भूना :
विधायक दुड़ा राम ने शनिवार को टोहाना रोड स्थित भूना किसान रेस्ट हाउस अनाज मंडी स्थित किसान सेवा केंद्र सहित विभिन्न वार्डो में क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके जल्द निपटान का आश्वासन दिया। विधायक ने भूना क्षेत्रवासियों को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और कहा कि यह अधिनियम संसद द्वारा पारित किया गया है और संविधान के प्रति आस्था रखने वाले हर व्यक्ति के लिए मान्य है।
उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों की सुरक्षा व रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है। देश के हर नागरिक को इस कानून का दिल से समर्थन करना चाहिए और दूसरों को भी इसके बारे में सही जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी आपस में प्यार, प्रेम व भाईचारे की भावना को बरकरार रखते हुए क्षेत्र के चहुंमुखी विकास में सहयोग दें। समाज में फैल रही बुराइयों कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, बाल विवाह, नशाखोरी आदि को जड़मूल से खत्म करने का काम करे। अधिकतर समस्याएं बिजली, पानी, गलियों का निर्माण, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बीपीएल कार्ड आदि से संबंधित थी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ देने में देरी न करे। विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए जनसेवक के रूप में कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित किया है। कल्याणकारी योजनाओं की संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त कर क्षेत्रवासी ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। क्षेत्र को भी विकास के मामले में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। इसके अलावा विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न वार्डो के पार्षद, गांवों के पंच-सरपंच तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।