हरियाणा में बड़ा बैंकिंग फ्रॉड, पंचायतों के खातों से 100 करोड़ से अधिक की निकासी; सभी विभागों के खाते की होगी जांच
हरियाणा में पंचायतों के बैंक खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आया है, जिसके बाद अब सभी सरकारी विभागों और अदालतों के खातों की भी जांच की जाएगी।
-1795551907087_m.webp)
पंजाब नेशनल बैंक में संदिग्ध निकासी। फाइल फोटो
HighLights
पंचायतों के खातों से 100 करोड़ से अधिक की संदिग्ध निकासी।
अब सभी सरकारी विभागों और अदालतों के खाते भी जांचेंगे।
भुगतान डोंगल प्रणाली में संदिग्ध गड़बड़ी की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। प्रदेश में पंचायतों के बैंक खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी की आशंका है। अब प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के साथ सभी सरकारी विभागों और अदालतों के बैंक खातों की भी जांच होगी। फतेहाबाद जिला में खातों का मिलान कराने के लिए सिरसा से स्टाफ लगाया गया है।
वहीं, यह पूरा मामला सामने आने के बाद वित्त विभाग ने सभी विभागों, बोर्डों और निगमों को इलेक्ट्रानिक लेनदेन का रोजाना मिलान करने, बैंक व विभागीय रिकार्ड का अंतर 24 घंटे में दूर करने और अधिकृत लाभार्थियों की सूची बैंक को देने के निर्देश दिए हैं। भुगतान शुरू करने और अंतिम मंजूरी देने का अधिकार एक ही व्यक्ति या प्रणाली के पास न रहे, यह भी अनिवार्य किया गया है।
गौरतलब है कि फतेहाबाद जिला परिषद के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) खाते से 10 से 15 नवंबर के बीच 14 एनइएफटी ट्रांजेक्शन से 87 लाख 48 हजार रुपये ट्रांसफर हुए। इससे पहले भट्टूकलां खंड की ग्राम पंचायत मेहुवाला के खाते से भी 10 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था।
पीएनबी के बैंक खाते से 54 लाख रुपये निकाले गए
इससे पहले प्रदेश के फरीदाबाद, करनाल, अंबाला, पानीपत व रोहतक में सात पंचायत संस्थाओं के खातों से 74.70 लाख रुपये नोएडा की टाय कंपनी के खाते में पहुंचे जिसकी पंचकूला में एफआईआर हुई। वहीं चरखी दादारी जिला की बाढड़ा पंचायत समिति के पीएनबी के बैंक खाते से 54 लाख रुपये निकाले गए हैं, पानीपत जिला की बापौली ग्राम पंचायत के पीएनबी के खाते से 10 लाख रुपये निकाले गए।
जब खातों का मिलान हुआ तो दिवाली के बाद करीब 80 प्रतिशत भुगतान ऐसे मिले, जिन्हें विभाग ने जारी करने से इनकार किया था। संदिग्ध राशि 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है। इस मामले में अब तक पुलिस करीब आठ करोड़ रुपये फ्रीज करा चुकी है। पता चला है कि कंपनी के खाते में पहुंची रकम आगे कई खातों में भेजी गई।
दो डोंगल से मंजूरी के बाद ही बैंक को जाता है भुगतान आदेश
पंचायतों का भुगतान आस्टेयर कंपनी के एफडीएमएस पोर्टल से होता है। डिजिटल डोंगल सुरक्षित इलेक्ट्रानिक चाबी है, जिसमें अधिकारी का डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र रहता है। ग्राम पंचायत में सरपंच और ग्राम सचिव, पंचायत समिति में अध्यक्ष और बीडीपीओ तथा जिला परिषद में अध्यक्ष और सीईओ के अलग-अलग डोंगल से भुगतान मंजूर होता है।
दोनों की स्वीकृति के बाद पोर्टल बैंक को पेमेंट निर्देश भेजता है और एनईएफटी से रकम लाभार्थी के खाते में पहुंचती है। डोंगल नकदी निकालने का उपकरण नहीं, भुगतान आदेश को अधिकृत करने का माध्यम है।
बैंक तक कमांड पहुंचने का रास्ता जांच के घेरे में
सवाल है कि जब अधिकारियों ने डोंगल से भुगतान मंजूर करने से इनकार किया, तो बैंक तक पेमेंट कमांड कैसे पहुंची। विभाग ने पीएनबी और पोर्टल कंपनी की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बैंक का कहना है कि उसके फायरवाल को सही आइपी एड्रेस से अनुरोध मिला था।
इसलिए पोर्टल और क्लाउड सर्वर की सुरक्षा भी जांच के दायरे में है। पीएनबी ने फोरेंसिक जांच के लिए केपीएमजी को नियुक्त किया है। एक मुख्य खाते से कई सहायक यानी चाइल्ड खाते जुड़े होने के कारण दूसरे खातों से निकासी की आशंका भी खंगाली जा रही है।
सरकारी विभागों और अदालतों के खातों का भी होगा मिलान
लीड बैंक मैनेजर फतेहाबाद लहरीमल के अनुसार पंचायतों के खातों से भुगतान डिजिटल प्रणाली के जरिए होता है। इसके लिए अधिकृत अधिकारियों के डिजिटल हस्ताक्षर यानी डोंगल से भुगतान आदेश प्रमाणित किया जाता है। ऐसे में बिना अनुमति ट्रांजेक्शन गंभीर मामला है।
अब पंचायती राज संस्थाओं के साथ सरकारी विभागों और अदालतों के बैंक खातों की जांच होगी। खाते की केवाइसी अपडेट है या नहीं, अधिकृत कर्मचारी का मोबाइल नंबर दर्ज है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। बैंक रिकार्ड और विभागीय रिकार्ड का मिलान किया जाएगा। जांच पूरी करने के लिए दूसरे जिलों से स्टाफ लगाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।