इनसो ने छात्र संघ चुनावों के विरोध में किया प्रदर्शन
इंदिरा गांधी कालेज में इनसो जिलाध्यक्ष जतिन खिलेरी के नेतृत्व में कालेज क
संवाद सूत्र, टोहाना :
इंदिरा गांधी कालेज में इनसो जिलाध्यक्ष जतिन खिलेरी के नेतृत्व में कालेज के दो सौ मीटर की दूरी पर लगाये गए नाके के पास इनसो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान इनसो के सदस्यों ने पुलिस नाके को पार करने का प्रयास किया लेकिन वहां तैनात एसआइ रमेश चंद्र व सीआइए प्रभारी सोमवीर ढाका व पुलिस बल द्वारा उनके आगे बढ़ने के प्रयास विफल कर दिये। जिसके चलते इनसो कार्यकर्ता रोषपूर्वक नारेबाजी करते हुए वापिस लौट गए। इनसो जिला प्रधान जतिन खिलेरी ने कहा कि चुनाव का यह मामला कोर्ट में चल रहा है, उन्हें उम्मीद है कि इस पर अवश्य न्याय मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह चुनाव केवल मात्र अपने राजनैतिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को महत्व देना है जबकि अन्य संगठनों द्वारा अप्रत्यक्ष चुनाव का पूरी तरह से बायकाट किया गया था। गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन द्वारा इंदिरा गांधी कालेज के दोनों ओर मुख्य सड़क पर दो सौ मीटर की दूरी पर पुलिस नाके लगाये गए थे। ताकि प्रदर्शनकारी कालेज में ना पहुंच सके।