विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली बीती, नहीं मिला राशन और सरसों तेल... हरियाणा के फतेहाबाद में डिपो के चक्कर काट रहे उपभोक्ता

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:42 PM (GMT+05:30)

दीपावली के बाद भी जाखल (फतेहाबाद) में गरीब परिवारों को सरकारी राशन और सरसों का तेल नहीं मिला, जिससे उन्हें ...और पढ़ें

राशन और सरसों तेल के भटक रहे उपभोक्ता। फोटो जागरण

राशन और सरसों तेल के भटक रहे उपभोक्ता। फोटो जागरण

HighLights

  1. दीपावली के बाद भी गरीब परिवारों को राशन नहीं मिला।

  2. जाखल में सरसों तेल और गेहूं वितरण में देरी हुई।

  3. उपभोक्ता बार-बार डिपो के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

संवाद सूत्र, जाखल (फतेहाबाद)। दीपावली का त्योहार बीत गया, लेकिन गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी राशन और सरसों के तेल का इंतजार खत्म नहीं हुआ। त्योहार से पहले राशन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे उपभोक्ताओं को निराशा हाथ लगी।

हालात यह है कि महीने का आधा समय बीतने के बावजूद जाखल क्षेत्र में राशन वितरण शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में राशन कार्ड धारकों को बार-बार डिपो के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी विभाग जरूरतमंद परिवारों को समय पर राशन उपलब्ध नहीं करवा पाया।

लोगों को उम्मीद थी कि त्योहार से पहले गेहूं और सरसों का तेल मिल जाएगा, जिससे घर की जरूरतें पूरी करने के साथ त्योहार की खुशियां भी बेहतर तरीके से मना सकेंगे। कुछ उपभोक्ताओं ने तो यहां तक कहा कि यदि समय पर सरसों का तेल मिल जाता तो उसी तेल से दीपक जलाकर दीपावली मना सकते थे, लेकिन विभागीय देरी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

राशन वितरण शुरू नहीं होने से बढ़ी परेशानी

उपभोक्ताओं के अनुसार इस महीने अब तक राशन वितरण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। मशीन बंद रहने के कारण भी राशन वितरण प्रभावित हुआ है। दिहाड़ी मजदूरों और गरीब परिवारों को राशन मिलने की उम्मीद में बार-बार डिपो पर जाना पड़ रहा है।

लोगों का सवाल है कि जब सरकार की ओर से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन उपलब्ध करवाया जाता है तो त्योहार के समय वितरण की तैयारियां पहले से क्यों नहीं की गईं। समय पर राशन नहीं मिलने से जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उच्चाधिकारियों से जल्द वितरण करवाने की मांग

उपभोक्ताओं ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि सभी राशन डिपो पर गेहूं, सरसों का तेल और अन्य निर्धारित सामान जल्द उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि मशीनों की तकनीकी खराबी या विभागीय देरी का खामियाजा गरीब परिवारों को न भुगतना पड़े।

लोगों ने सवाल उठाया कि यदि राशन वितरण पूरे महीने होना है तो इसकी सूचना समय पर क्यों नहीं दी जाती, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार डिपो के चक्कर न लगाने पड़ें।

अधिकारी बोले, पूरे महीने होगा राशन वितरण

इस मामले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कुशल बुरा ने कहा कि अभी महीने की 12 तारीख हुई है और पूरे महीने राशन वितरण किया जाना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से चिंता नहीं करने की बात कही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।