विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: नीलगाय और जंगली सूअर उजाड़ रहे सैकड़ों एकड़ फसल, किसान भाई यहां पढ़ें कैसे पा सकते हैं मुआवजा

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:43 PM (IST)

फतेहाबाद में नीलगाय और जंगली सूअर किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है। 

फसल उजाड़ रहे नीलगाय जैसे जंगली जानवर (जागरण आर्काइव)

फसल उजाड़ रहे नीलगाय जैसे जंगली जानवर (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. नीलगाय और जंगली सूअर से सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद

  2. हरियाणा सरकार ने वन्यजीवों से फसल नुकसान पर मुआवजा दिया

  3. किसान मुआवजे के प्रावधान से अनजान, लाभ से वंचित

राजेश भादू, फतेहाबाद। खेतों में दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करने वाले किसानों के सामने नीलगाय और जंगली सूअर बड़ी चुनौती बने हुए हैं। वन्यजीवों के झुंड खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को रौंद रहे हैं और उन्हें खाकर बर्बाद कर रहे हैं।

जिले में हर साल सैकड़ों एकड़ फसल वन्यजीवों के कारण खराब हो जाती है। किसानों को इस नुकसान की आर्थिक मार भी झेलनी पड़ती है।

हैरानी की बात यह है कि वन्यजीवों से फसल खराब होने पर हरियाणा सरकार ने मुआवजे का प्रावधान किया हुआ है, लेकिन जानकारी के अभाव में किसान इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।

सरकार ने 31 मार्च 2020 को इस संबंध में आदेश जारी किए थे, लेकिन छह साल से अधिक समय बीतने के बाद भी बहुत से किसानों को इसकी जानकारी नहीं है।

गांव बड़ोपल के किसान कपिल कड़वासरा, सोनू, मुकेश और कृष्ण ने बताया कि उनके खेतों में खड़ी फसल को नीलगाय और जंगली सूअरों ने नुकसान पहुंचाया है।

वन्यजीवों के झुंड रात के समय खेतों में पहुंचते हैं और फसल को रौंदकर बर्बाद कर देते हैं। किसानों के लिए रातभर खेतों की रखवाली करना भी मुश्किल हो रहा है।

उनका कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में फसल तैयार होने से पहले ही वन्यजीवों के कारण नुकसान हो जाए तो आर्थिक स्थिति पर दोहरी मार पड़ती है। किसानों को यह भी पता नहीं था कि इस नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से मुआवजा मिल सकता है।

33 प्रतिशत से अधिक नुकसान पर मिलेगी सहायता

हरियाणा सरकार के वन एवं वन्यजीव विभाग ने 31 मार्च 2020 को पत्र क्रमांक 372-4-2020/1658 जारी कर वन्यजीवों से फसल खराब होने पर मुआवजे की दरें निर्धारित की थीं।

आदेश के अनुसार फसल को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर किसान मुआवजे के पात्र होंगे। कृषि, बागवानी और वार्षिक वृक्षारोपण फसलों के लिए बरसाती क्षेत्र में 6,800 रुपये और सिंचित क्षेत्र में 13,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर तय की गई है। बरसाती क्षेत्र में न्यूनतम सहायता एक हजार रुपये होगी।

वहीं, बारहमासी फसलों के लिए 18 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का प्रावधान है। इसके अलावा रेशम पालन की विभिन्न श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग सहायता राशि निर्धारित की गई है।

डीसी और एसडीएम को देनी होगी लिखित शिकायत

मुआवजे के लिए किसान जिला उपायुक्त या उपमंडल अधिकारी को लिखित शिकायत दे सकते हैं। इसमें गांव, फसल का नाम, खराब हुए क्षेत्र और खेत का किला व मुरबा नंबर दर्ज करना जरूरी है।

किसान को उतने ही क्षेत्र का उल्लेख करना होगा, जितनी फसल वास्तव में खराब हुई है। उदाहरण के तौर पर एक एकड़ खेत में से दो कनाल फसल खराब हुई है तो शिकायत में दो कनाल का ही विवरण देना होगा।

इसके बाद तहसीलदार या नायब तहसीलदार, राजस्व अधिकारी और वन्यजीव विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुआवजा स्वीकृत और जारी किया जाएगा।

वन्यजीवों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने पर हरियाणा सरकार की ओर से मुआवजे का प्रावधान किया गया है। किसान नुकसान होने पर संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दें। शिकायत में किला नंबर, मुरबा नंबर और फसल के खराब हुए वास्तविक क्षेत्र का विवरण जरूर दर्ज करें। इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारी संयुक्त रूप से जांच करेंगे और निर्धारित नियमों के अनुसार मुआवजे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। -सुरेश भांभू, सब इंस्पेक्टर वन्यजीव विभाग।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।