विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेतों में लगे 'सोने' के टॉवर, हरियाणा के किसान मालामाल; खाते में प्रति एकड़ 6 करोड़ तक मुआवजा जारी

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:27 AM (IST)

फतेहाबाद के किसानों को 400 केवी बिजली लाइन के लिए प्रति एकड़ छह करोड़ रुपये तक का मुआवजा मिल रहा है। मुआवजा वितरण के साथ ही खेतों में विशालकाय बिजली टावर लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है।

खेतों में लगे 'सोने' के टॉवर। फोटो जागरण

खेतों में लगे 'सोने' के टॉवर। फोटो जागरण

HighLights

  1. किसानों को प्रति एकड़ छह करोड़ तक मुआवजा मिला।

  2. 400 केवी बिजली लाइन का निर्माण कार्य शुरू।

  3. बीमा बस्ती के किसानों को सर्वाधिक मुआवजा प्राप्त हुआ।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। जिले के किसानों के लिए खेतों से गुजरने वाली 400 केवी की उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। लंबे इंतजार के बाद अब प्रभावित किसानों के बैंक खातों में मुआवजा राशि जारी होने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। भूमि की लोकेशन और प्रशासनिक सर्वे के आधार पर किसानों को प्रति एकड़ डेढ़ करोड़ से लेकर छह करोड़ रुपये तक का भारी-भरकम मुआवजा मिला है।

मुआवजा वितरण के साथ ही संबंधित एजेंसी ने खेतों में विशालकाय बिजली टावर लगाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। जिन किसान परिवारों की भूमि में आपसी पारिवारिक विवाद नहीं है, उनके खातों में सीधे राशि हस्तांतरित कर दी गई है। आपसी विवाद के चलते कई किसानों को मुआवजा नहीं मिला।

किसान हुए मालामाल

इस परियोजना के तहत एक कनाल से लेकर चार कनाल भूमि पर बिजली के बड़े टावर स्थापित किए जा रहे हैं। बाजार मूल्य और सर्वे रिपोर्ट के अनुसार प्रत्येक क्षेत्र के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। अब तक जारी हुए मुआवजे में शहर के 220 केवी बिजलीघर के समीप स्थित बीमा बस्ती की भूमि के लिए किसानों को सर्वाधिक छह करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा मिला है।

इसके उपरांत गांव धांगड़ के किसानों को तीन से पांच करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया गया है। वहीं, गांव बड़ोपल में अधिकतम दो करोड़ सात लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से राशि जारी हुई है। इसके अतिरिक्त गांव खाराखेड़ी के पात्र किसानों के खातों में भी सर्वे के अनुसार मुआवजा राशि पहुंच रही है।

खेतों में टावर लगने चालू

मुआवजा राशि मिलने के बाद किसानों की ओर से सहयोग मिलने से निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। खेतों में फाउंडेशन तैयार कर बड़े टावर पोल खड़े करने का कार्य चालू हो गया है। यह उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन सिवानी क्षेत्र के झुंपा से प्रारंभ होकर काजला, फ्रांसी और खासामहाजन होते हुए फतेहाबाद जिले में प्रवेश कर रही है।

जिले के खाराखेड़ी, बड़ोपल और धांगड़ के खेतों से गुजरते हुए यह लाइन फतेहाबाद शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से जोड़ी जाएगी।

यह पूरी कवायद राजस्थान के विशाल सोलर पार्कों से उत्पादित हरित सौर ऊर्जा को हरियाणा और पंजाब तक पहुंचाने के लिए की जा रही है। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सिवानी-फतेहाबाद रूट पर जिले की सीमा में 51 स्थानों पर बड़े बिजली टावर लगाए जा रहे हैं।

वहीं, सिवानी से पंजाब के पातड़ा जाने वाले दूसरे 400 केवी रूट पर भी जिले में 85 स्थानों पर टावर स्थापित होने हैं। टोहाना क्षेत्र से होकर पंजाब जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।