महारैली में राजनीतिक दिशा पर बड़ा खुलासा करेंगे पूर्व सीएम हुड्डा
जागरण संवाददाता फतेहाबाद प्रदेश की राजनीति में इन दिनों संभावनाएं हावी हैं। व्यक्तिगत और
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
प्रदेश की राजनीति में इन दिनों संभावनाएं हावी हैं। व्यक्तिगत और दलगत राजनीति नित नए ठौर तलाश रही है। कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर परिवर्तन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठतम नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी शह-मात की बिसात बिछा दी है। अपने समर्थकों की रायशुमारी के अंतिम चरण को शिद्दत से पूरा करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के ही अपने समर्थकों की नब्ज टटोली। इससे पहले पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा के आवास पर मीडिया से रूबरू होकर उन्होंने स्पष्ट किया कि 18 अगस्त को रोहतक में होने वाली महा परिवर्तन रैली में ही वह अपनी राजनीतिक दिशा का बड़ा खुलासा करेंगे। हालांकि हुड्डा ने कांग्रेस में बने रहने की बात कहकर तात्कालिक तौर पर अलग पार्टी बनाने अथवा किसी अन्य दल में जाने की संभावनाओं को खारिज किया है। लेकिन समान विचार वाले दलों के साथ महागठबंधन से उन्हें इन्कार नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा में जाने की संभावना को नकारते हुए वर्तमान सरकार पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि वह चाहे गरीबों को प्लाट देने की बात हो या फिर सातवें चेतन आयोग लागू होने की, भाजपा सरकार ने हर वर्ग के साथ छल किया। भ्रष्टाचार, फिरौती, हत्या वगैरह तो आम बात हो गई है इस सरकार में। ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रदेश में कोई सरकार ही नहीं हो। उन्होंने महापरिवर्तन रैली की जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि उपरोक्त कारणों से ही यह रैली आयोजित की जा रही है और प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठित किया जा रहा है। अगले चुनाव में भाजपा सरकार को दरवाजा दिखा दिया जाएगा।
हुड्डा ने अगले चुनावों के मुद्दे गिनाते हुए कहा कि यह चुनाव दस साल कांग्रेस शासन बनाम पांच साल भाजपा सरकार लड़ा जाएगा। लोग इसी आधार पर सरकार बनाएंगे। कांग्रेस में ही बने रहने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि समान विचारधारा के ऐसे लोग जो इस सरकार से निजात चाहते हैं, कांग्रेस के साथ रहेंगे। इनेलो के संदर्भ में उन्होंने कहा कि 2014 में इनेलो प्रमुख विपक्षी दल बना। उसी समय कह दिया था कि यह पार्टी सरकार की प्रमुख सहयोगी रह जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वैसे तो हर नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत रही है लेकिन वर्तमान हालात में सोनिया गांधी के आने से कांग्रेस पार्टी पहले से बेहतर होगी।