फतेहाबाद में फ्रीज का कंप्रेसर फटने से लगी भीषण आग, 74 साल के बुजुर्ग की मौत; गंभीर रूप से झुलसी पत्नी
फतेहाबाद की नहर कॉलोनी में फ्रिज के कंप्रेसर फटने से लगी आग में 74 वर्षीय बुजुर्ग गुरदेव गोयल की मौत ...और पढ़ें
-1794811697251_m.webp)
फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
फतेहाबाद में फ्रिज कंप्रेसर फटने से घर में आग लगी
हादसे में 74 वर्षीय बुजुर्ग गुरदेव गोयल की मौत हो गई
उनकी पत्नी उषा गंभीर रूप से झुलसकर अस्पताल में भर्ती
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। शहर की नहर कॉलोनी में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। घर में रखे फ्रिज के कंप्रेसर में धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में 74 वर्षीय गुरदेव गोयल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 72 वर्षीय पत्नी उषा गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरदेव गोयल अपनी पत्नी उषा के साथ नहर कॉलोनी स्थित मकान में रहते थे। उनके दोनों बेटे रूपेंद्र और राकेश काम के सिलसिले में हिसार और लुधियाना में रहते हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात घर पर काम करने वाली महिला कुक खाना बनाकर चली गई थी। इसके बाद बुजुर्ग दंपति ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए।
बताया जाता है कि कमरे में दो सिंगल बेड के बीच फ्रिज रखा हुआ था। रात के समय अचानक फ्रिज में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इसके बाद फ्रिज का कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरा कमरा आग की लपटों और धुएं से भर गया। घर में चारों तरफ धुआं फैलने से बुजुर्ग दंपति को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, महिला को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के दौरान हुए धमाके और शोर को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान गुरदेव गोयल की आग और धुएं की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी उषा बुरी तरह झुलस गईं।
पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस-प्रशासन ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में फ्रिज में शॉर्ट सर्किट और कंप्रेसर फटने से आग लगने की बात सामने आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।