सोलर से पैदा हुई अतिरिक्त बिजली अब नहीं होगी बेकार, अगले साल के बिल में भी मिलेगा लाभ
नेट मीटरिंग नियमों में बदलाव के बाद अब सोलर पैनल से पैदा हुई अतिरिक्त बिजली यूनिटें अगले वित्त वर्ष में भी इस्तेमाल की जा सकेंगी।
-1795952238446_m.webp)
सोलर से पैदा हुई अतिरिक्त बिजली नहीं होगी बेकार, अगले वित्त वर्ष के बिल में भी मिलेगा यूनिटों का लाभ।
HighLights
अतिरिक्त सोलर बिजली यूनिटें अगले वित्त वर्ष में समायोजित होंगी।
नेट मीटरिंग नियमों में बदलाव से उपभोक्ताओं को सीधा फायदा।
पीएम सूर्यघर योजना के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब सोलर पैनल से बिजली की जरूरत से अधिक उत्पादन होने पर अतिरिक्त यूनिट बेकार नहीं जाएंगी। नेट मीटरिंग के नियमों में बदलाव के बाद उपभोक्ता एक वित्त वर्ष में बची हुई बिजली यूनिटों का लाभ अगले वित्त वर्ष में भी ले सकेंगे।
इससे उन परिवारों को अधिक फायदा होगा, जिनके घरों में साल के कुछ महीनों में बिजली की खपत कम रहती है और सोलर सिस्टम से उत्पादन अधिक होता है। पहले वित्त वर्ष समाप्त होने पर बची हुई यूनिटों का लाभ आगे नहीं मिल पाने से उपभोक्ताओं को नुकसान महसूस होता था।
अब इस बदलाव से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों का रुझान बढ़ने की उम्मीद है। फतेहाबाद जिले में योजना के तहत अब तक 8,329 घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जबकि 13,344 उपभोक्ता आवेदन कर चुके हैं।
अतिरिक्त बिजली यूनिट अगले वित्त वर्ष में भी आएंगी काम
नेट मीटरिंग व्यवस्था में बदलाव का सीधा लाभ उन उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनके सोलर सिस्टम से सालाना उत्पादन उनकी बिजली खपत से अधिक रहता है। उदाहरण के तौर पर गर्मियों में बिजली की खपत अधिक और सर्दियों में कम हो सकती है।
ऐसे में सोलर सिस्टम से पैदा हुई अतिरिक्त बिजली यूनिटों का उपयोग तत्काल नहीं हो पाता। पहले वित्त वर्ष समाप्त होने के बाद इन बची हुई यूनिटों का लाभ अगले साल नहीं मिल पाता था।
अब इन्हें अगले वित्त वर्ष में भी समायोजित किया जा सकेगा। इससे उपभोक्ताओं की ओर से पैदा की गई बिजली का पूरा उपयोग संभव होगा और बिजली बिल में भी राहत मिलेगी।
तीन किलोवाट सिस्टम से 3500 यूनिट उत्पादन, 500 यूनिट रहेंगी अतिरिक्त
इस बदलाव को जगजीवनपुर नगर निवासी संदीप के उदाहरण से समझा जा सकता है। उन्होंने अपने घर पर पीएम सूर्यघर योजना के तहत तीन किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाया है। उनके घर की सालाना बिजली खपत करीब तीन हजार यूनिट है, जबकि सोलर सिस्टम से सालभर में लगभग 3500 यूनिट बिजली पैदा होती है। ऐसे में 500 यूनिट अतिरिक्त बच जाती हैं।
पहले इन यूनिटों का अगले वित्त वर्ष में लाभ नहीं मिल पाता था, लेकिन बदले नियमों के तहत अब इन्हें अगले साल के बिजली बिल में समायोजित किया जा सकेगा। गर्मियों में जब बिजली की खपत बढ़ेगी तो इन अतिरिक्त यूनिटों का लाभ मिल सकेगा। इससे उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम से होने वाली बचत का बेहतर फायदा मिलेगा।
तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपये अनुदान, डीलर पूरी करेंगे कागजी प्रक्रिया
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाने पर सरकार की ओर से 78 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। हालांकि, घर में एयर कंडीशनर सहित अधिक बिजली खपत वाले उपकरण इस्तेमाल करने वाले परिवारों के लिए पांच किलोवाट का सिस्टम अधिक उपयोगी हो सकता है।
इसलिए सिस्टम की क्षमता तय करने से पहले घर की सालाना बिजली खपत का आकलन करना जरूरी है। जिले में सोलर सिस्टम लगाने के लिए 300 से अधिक डीलर सक्रिय हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।