फतेहाबाद में शराब के दाम पर विवाद, ठेके में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग; सेल्समैन पर हमला
फतेहाबाद के बीघड़ गांव में शराब के दाम को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने ठेके में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और सेल्समैन पर हमला किया।
-1794308885548_m.webp)
शराब के दाम पर विवाद, सेल्समैन पर हमला। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। गांव बीघड़ में शराब के दाम को लेकर हुए विवाद के बाद ठेके में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने और सेल्समैन पर हमला करने के मामले में थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गांव बीघड़ निवासी अशोक कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। पुलिस आरोपित को न्यायालय में पेश करेगी।
थाना सदर प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित के अनुसार, हिसार जिले के गांव खेदड़ निवासी सत्यवान गांव बीघड़ स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। 26 अगस्त को अशोक उर्फ बल्लू शराब खरीदने के लिए ठेके पर आया था। शराब की कीमत को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद आरोपित वहां से चला गया।
शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे सत्यवान ने ठेका खोला तो आरोपित प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंचा। उसने ठेके के अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और सेल्समैन पर भी पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद चाकू निकाल लिया।
सेल्समैन ने उसका हाथ पकड़ा तो आरोपित ने ईंट उठाकर उसकी दाहिनी आंख पर वार कर दिया और धमकी देकर फरार हो गया। डायल-112 टीम ने घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दो सितंबर को अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी।