मंडी में धान की खरीद के साथ चलती रही हार-जीत की चर्चा
जागरण संवाददाता फतेहाबाद सुबह 11 बजे का समय। स्थान अनाज मंडी। गांव मोचीवाली सिरसा के किस
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : सुबह 11 बजे का समय। स्थान अनाज मंडी। गांव मोचीवाली सिरसा के किसान ओमप्रकाश व रमेश मंडी में धान लेकर आए। धान की बोली का इंतजार कर रहे थे। तभी रमेश ओमप्रकाश से बोला, भाई कल शाम को टीवी देख रहा तो चैनल वाले भाजपा को 70 सीटें दिखा रहे थे। सरकार तो भाजपा की बनेगी, लेकिन इतनी सीट आना..। ओमप्रकाश ने बात काटते हुए कहा, हरियाणा में तो सरकार विकास की सोच रखने वालों की बनेगी। भाजपा ने भी गांवों व शहरों का समान विकास करा है। पहले गांवों में रात को भी बिजली नहीं आती थी, अब दिन तो भी बिजली के कट नहीं लगते।
धान की ढेरी से आगे शेड के नीचे किसानों व मजदूरों की मजलिस लगी हुई थी। लोग चुनावी चर्चा कर रहे थे। ढाणी ईसर के जतिन बोला इस बार चुनाव में मजा नहीं आया। फतेहाबाद में किसी भी पार्टी का बड़ा नेता। ऐसे में चुनावों में रौनक नहीं लगी। लोकसभा चुनाव में तो मोदी आने से माहौल बन गया था। इस बार ऐसा नहीं हुआ। अब तो परिणाम आने पर ही पता चलेगा कि फतेहाबाद से कौन विधायक बनेगा। वहीं पास धान की झार लगा रहे कृष्ण ने कहा कि सरकार किसी की भी बने। उनके जीवन में कोई बदलाव नहीं आने वाला। उनकी बात को बीच में ही रोकते हुए राधेश्याम बोला, सरकार ने गरीबों के लिए आयुष्मान योजना के अलावा कई योजना शुरू की हैं अब लाभ भी मिलना शुरू हुआ है। तभी बैठक से उठकर चल पड़े रामकुमार बोला फतेहाबाद में तो आयुष्मान से एक भी व्यक्ति को लाभ नहीं मिला। वहीं मंडी एक बरामद में कुछ आढ़ती बैठकर चुनावों में भी एक्जिट पोल का जिक्र चल रहा था। व्यापारी रमेश बोला की प्रदेश में भाजपा की सरकार तो बनेगी, लेकिन इतना बहुमत आने की संभावना नहीं लग रही। उनकी बात से सहमति जताते हुए विजय ने कहा कि परिणाम तो 24 को ही आएंगे।