नन्हेड़ी में जोहड़ ओवरफ्लो होने से खेतों में भरा गंदा पानी, फसल हो रहीं प्रभावित
संवाद सूत्र कुलां गांव नन्हेड़ी में दूषित जल निकासी की व्यवस्था न होने के चलते तालाब ओवरफ्ल
संवाद सूत्र, कुलां :
गांव नन्हेड़ी में दूषित जल निकासी की व्यवस्था न होने के चलते तालाब ओवरफ्लो होने से गंदा पानी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना है। एक तरफ यहां दूषित पानी भरा होने से स्थानीय वासियों का घरों से निकलना मुहाल हो गया है, वहीं गंदा पानी खेतों में भर रहा है। इससे किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हो रहीं है। इसके साथ ही खेतों के साथ लगते मकानों की दीवारों में भी दरारे आ गई हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने अनेक बार ग्राम पंचायत व संबंधित अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, परंतु बावजूद इसके समस्या जस की तस है।उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से जोहड़ की सफाई करा दूषित जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने एवं खेतों से पानी निकालने की मांग की है। ग्रामवासी राजाराम, रघुवीर सिंह, कृष्ण सिंह, मंगत सिंह, साधू, सुशील आदि ने बताया कि गांव में दूषित जलनिकासी के प्रमुख जोहड़ की विगत लंबे समय से ग्राम पंचायत द्वारा सफाई नहीं करवाई गईं है। स्वच्छता के अभाव में ये तालाब इन दिनों गंदगी से अटा हुआ है। वहीं तालाब के अधिकांश हिस्से पर कुछ लोगों ने अस्थाई रूप से अतिक्रमण किया हुआ है। जिससे जोहड़ का दायरा भी कम हो गया है। इसके नतीजन जोहड़ ओवरफ्लो हो रहा है। जिससे गंदा पानी गांव की गलियों एवं साथ लगते खेतों में निकासी हो रहा है।
-----------------
क्या कहते है सरपंच :
तालाब की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण किया हुआ है। इससे जोहड़ का दायरा कम हो गया है। इसकी शिकायत संबंधित विभाग को दी गई है। इसके अलावा जोहड़ की सफाई कराने हेतु पंचायत के पास बजट का भी अभाव है। पंचायत को फंड स्वीकृत होता है, तो जोहड़ की सफाई करा दी जाएगी।
- सरदारीलाल शर्मा, सरपंच गांव नन्हेड़ी।