फतेहाबाद में आधी रात को सनकी युवक ने मचाया उत्पात, 1.5 किमी तक लोहे का रॉड लेकर घूमता रहा; 18 गाड़ियों के तोड़े शीशे
फतेहाबाद में एक युवक ने लोहे के डंडे से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में 18 वाहनों के शीशे तोड़ दिए, जिससे शहर की पुलिस गश्त पर सवाल उठे हैं।
-1795778509909_m.webp)
डेढ़ किमी तक लोहे का डंडा लेकर घूमता रहा युवक, 18 वाहनों के शीशे तोड़े।
HighLights
फतेहाबाद में युवक ने डेढ़ किमी में 18 वाहनों के शीशे तोड़े
सीसीटीवी फुटेज से नाबालिग हिरासत में, घटना की जांच जारी
घटना से शहर की पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठे
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। शहर में वीरवार रात हाथ में लोहे का डंडा लेकर निकले एक युवक ने करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में घूम-घूमकर 18 वाहनों के शीशे तोड़ दिए। रात करीब सवा 12 बजे जवाहर चौक से शुरू हुआ उत्पात बाबा खाटू श्याम मंदिर और डीएसपी रोड तक पहुंचा। घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए युवक एक के बाद एक गाड़ी के पास रुकता और शीशे तोड़कर आगे बढ़ जाता।
सुबह वाहन मालिकों ने गाड़ियों के टूटे शीशे देखे, तब घटना का पता चला। शहर के मुख्य बाजार और रिहायशी इलाके में काफी देर तक तोड़फोड़ होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक युवक डंडे से वाहनों के शीशे तोड़ता दिखाई दे रहा है।
उसके आगे दो बच्चे चलते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने एक नाबालिग युवक को हिरासत में लिया है। फुटेज में दिख रहे अन्य लोगों की भूमिका और वारदात में शामिल लोगों की संख्या की जांच की जा रही है। कुछ टूटे शीशों पर खून के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि शीशे तोड़ते समय युवक के हाथ में चोट लगी होगी।
जवाहर चौक से मंदिर तक 12 वाहनों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, युवक ने सबसे पहले जवाहर चौक और आसपास के इलाके में वाहनों के शीशे तोड़े। चौक से बाबा खाटू श्याम मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे कतार में खड़े करीब 12 वाहनों को नुकसान पहुंचाया।
इसके बाद हीना ब्यूटी पार्लर वाली गली और जवाहर चौक से डीएसपी रोड की तरफ जाने वाले इलाके में घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया। कुल मिलाकर करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में 18 गाड़ियों के शीशे टूटे हैं।
राजीव पार्क के पास खुली वाहन मालिक की आंख
तोड़फोड़ के दौरान राजीव पार्क के पास एक वाहन मालिक की आंख खुल गई। उसने युवक को अपनी गाड़ी का शीशा तोड़ते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने एक नाबालिग युवक को हिरासत में लिया है।
घटना ने शहर की पुलिस गश्त और बीट व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। जवाहर चौक मुख्य बाजार क्षेत्र है और यहां से मंदिर व डीएसपी रोड की ओर रिहायशी इलाके जुड़े हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस कर्मचारियों की बीट निर्धारित है, ताकि रात में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
इसके बावजूद युवक करीब डेढ़ किलोमीटर तक डंडा लेकर घूमता रहा और वाहनों के शीशे तोड़ता गया। सवाल उठ रहे हैं कि इस दौरान पुलिस की गश्त कहां थी और क्या थाना प्रभारी ने बीट कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें दिशा-निर्देश दिए थे या फिर कागजों में ही आदेश हो गए।
इस मामले में एक नाबालिग युवक को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में वही नजर आ रहा है। जिन गाड़ियों के शीशे टूटे हैं, उनकी जांच की जा रही है। -विनोद कुमार, पीआरओ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।