हरियाणा में दूध की मांग बरकरार, लेकिन पशुपालन से क्यों टूट रहा मोह? 28 साल में फतेहाबाद में कम हुईं 1.56 लाख गाय-भैंस
दूध की मांग बरकरार रहने के बावजूद, फतेहाबाद जिले में पिछले 28 सालों में 1.56 लाख गाय-भैंसों की संख्या में कमी आई है। पशुपालक कम मुनाफे, बढ़ती लागत और अन्य फसलों की तुलना में कम आय के कारण इस व्यवसाय से मुंह मोड़ रहे हैं।
-1795636883188_m.webp)
पशुपालन से टूट रहा लोगों का मोह। फोटो जागरण
HighLights
फतेहाबाद में 28 साल में 1.56 लाख पशु घटे।
पशुपालक कम मुनाफे, बढ़ती लागत से परेशान हैं।
गोशालाओं ने गोवंश की संख्या गिरने से रोका।
राजेश भादू, फतेहाबाद। दूध बसे स्वास्थ्य के लिए जरूरी भी हैं, लेकिन दूध का उत्पादन किसी फैक्ट्री में नहीं होता। इसके लिए गाय और भैंस पालनी पड़ती हैं। जिले में पिछले 28 साल के पशु गणना के आंकड़े देखें तो वर्ष 1997 में जिले में चार लाख 83 हजार 100 गाय और भैंस थीं, जो वर्ष 2025 में घटकर तीन लाख 27 हजार 114 रह गईं। यानी इस अवधि में एक लाख 55 हजार 986 पशु कम हो गए।
दूसरी ओर बाजार में दूध की मांग बढ़ी है। उपभोक्ताओं का एक वर्ग पैकेट और डेयरी के दूध को प्राथमिकता दे रहा हैं। ऐसे में सवाल उठता हैं कि जब दूध की जरूरत कम नहीं हुई तो उसे पैदा करने वाले पशुपालक इस व्यवसाय से क्यों पीछे हट रहे हैं।
गांव काजलहेड़ी के रामनिवास बताते हैं कि गेहूं का आटा मार्केट में 35 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम है और दूध भी 50 रुपये में बिक रहा, जबकि गेहूं खेत में उत्पादन होता है और दूध उत्पादन के लिए भैंस व गाय की डेढ़ साल तक देखभाल करनी पड़ती है तब वो महज पांच से छह महीने दूध देती हैं।
इसी तरह गांव किरढ़ान के सुरेंद्र बताते हैं कि सरसों का तेल मार्केट में 250 रुपये किलोग्राम तक पहुंच गया, लेकिन दूध का भाव नहीं मिल रहा।
भैंसों की संख्या में ज्यादा गिरावट, गोशालाओं ने बचाए गोवंश
वर्ष 1997 में जिले में तीन लाख 47 हजार भैंस थीं, जबकि 2025 में इनकी संख्या दो लाख 19 हजार 426 रह गई। यानी एक लाख 27 हजार 574 भैंस कम हुई हैं। वहीं गोवंश की संख्या 1997 में एक लाख 36 हजार 100 थी, जो 2025 में घटकर एक लाख सात हजार 688 रह गई।
इनमें से 45 हजार गोवंश सिर्फ गोशाला में ही हैं। 2009 के बाद जिले में बड़ी संख्या में गोशाला बननी शुरू हुई। इससे गोवंश की संख्या ज्यादा कम नहीं हुई। अन्यथा वर्ष 2007 तक इनकी संख्या 80 हजार तक पहुंच गई थी।
मेहनत और खर्च ज्यादा, आमदनी कम
पशुओं के लिए हरा चारा, तूड़ी, खल, बिनौला और अन्य फीड खरीदने पर लगातार खर्च करना पड़ता हैं। इसके अलावा पशुओं के बीमार होने पर इलाज और देखभाल का खर्च अलग हैं। इस बार तूड़े का भाव भी महंगा हो गया। छोटे पशुपालक दिनभर पशुओं की देखभाल करते हैं, लेकिन दूध बेचने से होने वाली आमदनी में से चारा, दवाई और दूसरे खर्च निकालने के बाद बचत सीमित रह जाती हैं।
दुधारू पशुओं और दूध उत्पादन के आंकड़े नहीं
जिले में कुल गाय-भैंस की संख्या के आंकड़े तो पशु गणना से मिल जाते हैं, लेकिन इनमें से कितने पशु वास्तव में दूध दे रहे हैं, इसका अलग और अद्यतन ब्योरा पशुपालन विभाग के पास उपलब्ध नहीं हैं। इसी तरह जिले में रोजाना कितना दूध पैदा होता हैं और स्थानीय खपत कितनी हैं, इसका स्पष्ट स्थानीय आंकड़ा भी विभाग के पास नहीं हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।