विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सीएम विंडो पर आईं शिकायतों का 30 दिन में होगा निपटारा, अधिकारियों को निर्देश जारी

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:26 PM (IST)

फतेहाबाद में सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल पर जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।

फतेहाबाद में जन शिकायतों के समाधान में तेजी, सीएम विंडो और एसएमजीटी पर सख्त निर्देश।

फतेहाबाद में जन शिकायतों के समाधान में तेजी, सीएम विंडो और एसएमजीटी पर सख्त निर्देश।

HighLights

  1. सीएम विंडो शिकायतें 30 दिन से अधिक लंबित न रहें

  2. एसएमजीटी पोर्टल शिकायतों का 48 घंटे में करें निस्तारण

  3. शिकायतकर्ता से फोन पर संतुष्टि फीडबैक लेना अनिवार्य

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। आमजन की शिकायतों के समाधान में लापरवाही और देरी अब अधिकारियों के लिए भारी पड़ सकती है। सीएम विंडो पर आने वाली कोई भी शिकायत 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए, जबकि एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का 48 घंटे के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट भेजनी होगी।

डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। इसके लिए शिकायतों की नियमित निगरानी और समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

शुक्रवार को जीएमडीए के सीईओ डीके बेहरा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने जिला उपायुक्तों को ओवरड्यू शिकायतों को तुरंत अपने स्तर पर लेकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी डॉ. विवेक भारती ने लघु सचिवालय के सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति जांची।

शिकायतकर्ता से फोन पर लें संतुष्टि का फीडबैक

डीसी ने एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का 48 घंटे के भीतर निस्तारण कर निर्धारित समय पर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत का समाधान करने के बाद संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर यह भी पता लगाया जाए कि उसे वास्तविक राहत मिली है या नहीं।

केवल पोर्टल पर शिकायत को निस्तारित दिखा देना पर्याप्त नहीं है। सीएम विंडो की शिकायतों के संबंध में डीसी ने निर्देश दिए कि 30 दिन से अधिक कोई शिकायत लंबित न रहे। शिकायत अपलोड करते समय संबंधित विभाग की कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) स्पष्ट और तथ्यात्मक होनी चाहिए।

इसमें शिकायत पर की गई कार्रवाई, समाधान की स्थिति और संबंधित तथ्यों का पूरा विवरण दर्ज किया जाए। इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

ये रहे मौजूद

बैठक में डीएमसी परवीन कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएसपी जगदीश काजला, डीडीपीओ अनूप सिंह, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज देवेंद्र सिंह, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता राहुल चहल, काडा के कार्यकारी अभियंता संजीव सहारण, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता बलविंदर नैन, बिजली बोर्ड के कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार, डीआईओ सिकंदर और कल्याण अधिकारी विनोद चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।