जैव विविधता बोर्ड की टीम ने गांव दादुपुर व हसंगा का किया दौरा
जागरण संवाददाता फतेहाबाद हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा गांव दादुपुर व हसंगा में
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा गांव दादुपुर व हसंगा में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को लुप्त हो रहे जीव जंतुओं व वनस्पतियों की प्रजातियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने गांवों में जैव विविधता के रजिस्टर की जांच की।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड की राज्य स्तरीय पीबीआर क्वालिटी मानिटरिग टीम के चेयरमैन डा. जीवी रेड्डी ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उनको बताया कि मनुष्य धरती पर रहने वाला इकलौता जीव नहीं है लेकिन इस जीव की पसंद और मांग दूसरी सभी प्रजातियों और ग्रह के अस्तित्व के लिए खतरा है। इससे हमारी जैव विविधता को नुकसान हो रहा है और जिसका असर पूरी प्रकृति को प्रभावित कर रहा है। जैव विविधता के संरक्षण के लिए तालाब, नहर, कुएं, पहाड़, नदी के स्त्रोत की रक्षा हमारे लिए और आगे आने वाली पीढि़यों के लिए करना बहुत जरूरी है।
उन्होंने बताया कि लोक जैव विविधता पणजी (रजिस्टर) हर ग्राम पंचायत की पहचान होगी, जिसमें गांव की खरपतवार, औषधीय व फलदार पौधे, फसलों के कीट, पालतू जानवर, मछली, जंगली जीव, वन्यजीव की प्रजातियां शामिल होंगी। इसी रजिस्टर के हिसाब से सरकार के द्वारा ग्राम पंचायतों के विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान बोर्ड से आए टेक्निकल एक्सपर्ट विक्रम डेलू ने बताया कि इस रजिस्टर में पारंपरिक ज्ञान को भी लिखा गया है ताकि यह रजिस्टर आगे आने वाले समय में शोध के लिए अहम दस्तावेज बनेगा। यह जानकारी हम अपने आगे आने वाली पीढ़ी को उपहार में देंगे। इस मौके पर क्षेत्रीय कोऑर्डिनेटर उमेद सिंह, जिला समन्वयक भारती अरोड़ा और माटी तकनीकी सहायता समूह की टीम के सदस्य, जैव विविधता प्रबंधन समिति के सदस्य और गांव के पूर्व सरपंच तथा गणमान्य लोग उपस्थित हुए।