फतेहाबाद में जाखल रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का आतंक, दो दिन में कई यात्रियों को काटा; बच्चे-बुजुर्ग भी परेशान
जाखल रेलवे स्टेशन पर पीपल के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से यात्रियों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे कई लोग घायल हुए हैं और स्टेशन पर भय का माहौल है।

रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का आतंक। फोटो जागरण
HighLights
जाखल स्टेशन पर मधुमक्खियों के हमले से यात्री घायल।
दो दिनों से जारी हमले से यात्रियों में भय का माहौल।
रेलवे से छत्ता हटाने और सुरक्षा की मांग की गई।
गुरमीत कुमार, जाखल। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता खतरा बन गया है। टिकट बुकिंग घर और प्रतीक्षालय भवन के बाहर पीपल के पेड़ पर बने छत्ते से पिछले दो दिनों से मधुमक्खियां अचानक यात्रियों और राहगीरों पर हमला कर रही हैं। इनके काटने से कई लोग घायल हो चुके हैं। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों में भय का माहौल है।
विशेषकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को लेकर स्टेशन पहुंचने वाले परिवारों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों के अनुसार, दोपहर के समय मधुमक्खियां अधिक संख्या में छत्ते से बाहर निकलती हैं और रास्ते से गुजर रहे लोगों पर हमला कर देती हैं। ऐसे में स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचने वाले यात्रियों को भी सुरक्षित निकलना मुश्किल हो रहा है।
हमले से बचने के लिए वाहन छोड़कर भागे यात्री
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए कई लोग जल्दबाजी में अपने मोटरसाइकिल तक स्टेशन परिसर में छोड़कर भाग गए। कुछ यात्रियों की चांदी की अंगूठियां भी बचाव के दौरान गिर गईं, जिन्हें बाद में काफी तलाश करना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि मधुमक्खियां केवल राहगीरों को ही नहीं, बल्कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को भी काटकर घायल कर चुकी हैं। स्टेशन पर टिकट लेने, प्रतीक्षालय तक पहुंचने और ट्रेन से उतरकर बाहर निकलने वाले यात्रियों को हर समय हमले का डर बना रहता है। छत्ता स्टेशन के व्यस्त हिस्से में होने के कारण खतरा लगातार बना हुआ है।
स्टेशन मास्टर से शिकायत
यात्रियों ने बताया कि समस्या को लेकर स्टेशन मास्टर मदन प्रसाद को अवगत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद रेलवे शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई।
शिकायत के बाद दिल्ली से निर्देश मिलने पर सुरक्षा अधिकारी उदयवीर ने फोन कर समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि अभी तक छत्ते को हटाने या यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विशेषज्ञों की मदद से छत्ता हटाने की मांग
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि पीपल के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के बड़े छत्ते को विशेषज्ञों की मदद से सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए। उनका कहना है कि स्टेशन पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है।
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो मधुमक्खियों का हमला किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से जल्द समाधान कर स्टेशन परिसर को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।