विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवउठनी एकादशी पर फतेहाबाद में आज 350 शादियां, बैंड-बाजा से लेकर घोड़ी तक सब बुक, ₹1400 में मिल रही हजार के नोट की माला

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:33 PM (IST)

देवउठनी एकादशी पर फतेहाबाद में करीब 350 शादियां हो रही हैं, जिससे बाजार में रौनक और कारोबारियों में उत्साह है। बैंड-बाजा, डीजे और कैटरिंग सहित सभी सेवाएं बुक हैं।

फतेहाबाद में आज 350 शादियां (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण)

फतेहाबाद में आज 350 शादियां (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण)

HighLights

  1. फतेहाबाद में देवउठनी एकादशी पर 350 शादियां, बाजार में रौनक

  2. बैंड-बाजा, डीजे, कैटरिंग सहित सभी विवाह सेवाएं पूरी तरह बुक

  3. मिठाइयों के दाम बढ़े, नोटों की मालाओं की मांग में वृद्धि

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। देवउठनी एकादशी पर आज जिलेभर में विवाह समारोहों की धूम रहेगी। शहर से लेकर गांवों तक करीब 350 शादियां होने का अनुमान है। शुभ मुहूर्त के साथ ही बैंड-बाजा, डीजे, घोड़ी, कैटरिंग, फूलों की सजावट और मैरिज पैलेस तक सबकी बुकिंग पहले ही हो चुकी है।

शादी के सीजन की इस पहली बड़ी तारीख ने बाजार से लेकर विवाह आयोजन से जुड़े कारोबारियों तक में उत्साह बढ़ा दिया है। एक ओर मैरिज पैलेस और धर्मशालाओं में सजावट अंतिम चरण में है तो दूसरी ओर मिठाई, सब्जी, कपड़े और आभूषण खरीदने के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ रही है।

शादियों में दूल्हे और बारातियों के स्वागत तथा नोट उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नोटों की मालाओं की मांग भी बढ़ गई है। 10-10 रुपये के नोटों वाली 1000 रुपये की माला 1400 रुपये में मिल रही है।

वहीं नोटों की गड्डी तैयार करवाने के लिए 1600 रुपये तक लिए जा रहे हैं। शादी के आयोजनों में इन मालाओं और गड्डियों का इस्तेमाल परंपरा और दिखावे का हिस्सा बन गया है।

देवउठनी एकादशी पर एक साथ बड़ी संख्या में शादियां होने के कारण बैंड-बाजा, डीजे और घोड़ी संचालकों की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। कई परिवारों को आयोजन की तारीख तय करते ही संबंधित सेवाओं की बुकिंग करवानी पड़ी।

मिठाइयों के दाम बढ़े, रसगुल्ला 200 रुपये किलो तक पहुंचा

शादी समारोहों में मिठाइयों की मांग बढ़ने का असर कीमतों पर भी पड़ा है। मिठाइयों के दाम करीब 50 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।

रसगुल्ले का थोक भाव पहले 150 रुपये प्रति किलो था, जो अब बढ़कर 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। विवाह समारोहों में मिठाई की खपत अधिक होने के कारण दुकानदारों ने मांग के अनुसार स्टाक तैयार किया है। सुबह के समय सब्जी मंडी में भी खरीदारों की भीड़ रही। शादी के लिए सब्जियां, फल और अन्य खाद्य सामग्री खरीदने पहुंचे लोगों के कारण मंडी में चहल-पहल बनी रही।

ज्वेलर्स और कपड़ों की दुकानों पर भी रही भीड़

देवउठनी एकादशी पर विवाह समारोहों के कारण खरीदारी का असर कपड़ा बाजार और आभूषण बाजार में भी दिखाई दिया। दुल्हन के कपड़ों से लेकर दूल्हे की पोशाक, परिवार के सदस्यों के कपड़े और शादी में पहनने वाले आभूषण खरीदने के लिए लोग दुकानों पर पहुंचे। ज्वेलर्स और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।

विवाह से जुड़े सामान, सजावट, बैंड-बाजा, फोटोग्राफी, कैटरिंग और फूलों के कारोबार से जुड़े लोगों को भी इस एक दिन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। 350 विवाह समारोहों के चलते बाजार में खरीदारी से लेकर आयोजन स्थलों तक पूरे दिन व्यस्तता रहने की संभावना है।

रात 10 बजे बाद डीजे बजाया तो कार्रवाई, सड़क पर वाहन खड़े करने पर चालान

एक साथ बड़ी संख्या में विवाह समारोह होने के कारण प्रशासन ने यातायात और ध्वनि प्रदूषण को लेकर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी।

मैरिज पैलेस और बैंक्वेट हाल के बाहर सड़क पर वाहन खड़े करने से यातायात बाधित हुआ तो वाहन चालकों के चालान काटे जा सकते हैं।

सड़क पर ऊंची आवाज में गीत बजाने पर भी कार्रवाई होगी। वहीं महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल ने कहा कि कहीं बाल विवाह हो रहा हो तो इसकी सूचना प्रशासन को दें। लोग 88140-11719 पर फोन करके सूचना दे। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।