ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
मंगलवार सुबह बल्लभगढ़ क्षेत्र में सुभाष कॉलोनी के समीप एक महिला ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला के दोनों हाथ कट गए हैं। उसकी आयु 30-32 साल बताई जा रही है।
जासं, फरीदाबाद: मंगलवार सुबह बल्लभगढ़ क्षेत्र में सुभाष कॉलोनी के समीप एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला के दोनों हाथ कट गए हैं। उसकी आयु 30-32 साल बताई जा रही है। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने मृतका की पहचान के लिए शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह रखवाया है।
जीआरपी को मंगलवार सुबह दस बजे के करीब सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी के नजदीक एक महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना पाकर एएसआइ विश्वास कुमार और सुदेश कुमारी मौके पर पहुंच गए और मृतका की पहचान में जुट गए। महिला की पहचान के लिए सुभाष कॉलोनी के लोगों को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। विश्वास कुमार ने बताया कि सुभाष कॉलोनी रेलवे लाइन के किनारे बसी हुई है और यहां के निवासी रेलवे लाइन पार करके एलसन चौक पर जाते हैं। महिला भी एलसन चौक पर जा रही थी। उस समय ट्रेन की चपेट में आ गई।