पत्नी व ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग युवक ने की आत्महत्या
वाल्मीकि बस्ती में संगीत नामक युवक ने पत्नी और ससुराल वालों के व्यवहार से तंग युवक ने आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : वाल्मीकि बस्ती में संगीत नामक युवक ने पत्नी और ससुराल वालों के व्यवहार से तंग आकर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ओमवती ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी चार संतान थी। इनमें तीन बेटी और 30 वर्षीय एक बेटा संगीत शामिल था।
संगीत की 22 नवंबर-2021 को मीठापुर दिल्ली निवासी सोहन की बेटी निशा के साथ शादी की थी। निशा कुछ दिन बाद ही पति संगीत से बहनों को घर बुलाने का विरोध करने लगी। इस मामले में वह अपने पिता सोहन, मां पदमा, भाई राजू, भाभी पूजा को भी भड़काती थी। निशा के मायके वाले आए दिन संगीत को डराते-धमकाते थे। इन लोगों से वह खासा परेशान था। वह सुबह नींद से नहीं उठा, तो उसकी बहन मीनू ने दरवाजा खटखटाया। जब दरवाजा अंदर से नहीं खुला, तो उसने धक्का मार कर दरवाजा तोड़ दिया। अंदर देखा, तो संगीत फांसी पर लटका हुआ था। उसने मरने से पहले वीडियो बनाई। इसमें उसने आत्महत्या करने को मजबूर करने आरोप अपनी पत्नी निशा और उसके मायके वालों पर आरोप लगाया है। महाराजा अग्रसेन पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र कुमार का कहना है कि उन्होंने मां की शिकायत पर पत्नी सहित सभी आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करा दिया है। जांच शुरू कर दी है।