फरीदाबाद में महिला की बीच सड़क पर डिलीवरी, प्रसूता ने खुद ही काटी नाल
फरीदाबाद में मेले के जाम के कारण एक गर्भवती महिला ने अपनी रेहड़ी पर ही बच्चे को जन्म दिया। महिला ने खुद ही बच्चे की नाल भी काटी।

महिला और उसका पति।
HighLights
फरीदाबाद में मेले के जाम में महिला ने रेहड़ी पर दिया जन्म।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही सड़क पर हुआ प्रसव, मां ने काटी नाल।
जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ, परिवार एनआईटी का निवासी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद के गाजीपुर रोड पर मेले के कारण लगे जाम के बीच बुधवार सुबह एक महिला ने रेहड़ी पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। अस्पताल पहुंचने में देरी होने के कारण महिला को सड़क पर ही प्रसव हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि महिला ने बच्चे को जन्म देने के बाद उसकी नाल भी खुद ही काट ली। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार महिला को सुबह प्रसव पीड़ा हुई। पति श्रमिक है, अपनी रेहड़ी पर ही गर्भवती को बैठाकर जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल के लिए निकला। महिला के साथ सास भी रेहड़ी पर बैठ गई।
मेले के चलते गाजीपुर रोड पर जाम लगा था। इसी बीच महिला को प्रसव पीड़ा हुई। सास और पति ने कपड़े से रेहड़ी को चारों तरफ से ढंका। महिला ने रेहड़ी पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
बच्चे के जन्म के बाद महिला ने खुद ही नवजात की नाल काटी। उसे लेकर बीके अस्पताल पहुंचे, जहां मां और नवजात को चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया।
पहले है तीन साल की बेटी
महिला की पहले से करीब तीन साल की एक बेटी है। यह दूसरा बच्चा है। महिला और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। वह बच्चे को गोद में लेकर पहली मंजिल पर बने प्रसूति वार्ड में पहुंच गई। परिवार एनआइटी का रहने वाला है।
