विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 19 घंटे से पीएनजी गैस बंद, 300 घरों में नहीं जला चूल्हा; लोग परेशान

Published: Wed, 21 Oct 2026 06:08 PM (IST)

फरीदाबाद के सेक्टर-29 में पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज के कारण 300 परिवारों को 19 घंटे तक गैस सप्लाई नहीं ...और पढ़ें

19 घंटे से लोग परेशान।

19 घंटे से लोग परेशान।

HighLights

  1. सेक्टर-29 में पीएनजी गैस सप्लाई 19 घंटे ठप।

  2. पाइपलाइन लीकेज से 300 परिवारों को हुई परेशानी।

  3. मरम्मत कार्य जारी, लोगों को जानकारी का अभाव।

निभा रजक, फरीदाबाद। सुबह उठते ही बच्चों के टिफिन, परिवार के नाश्ते और काम पर जाने की तैयारी में जुटने वाली महिलाओं के लिए बुधवार की सुबह परेशानी भरी रही। सेक्टर-29 में पीएनजी गैस की सप्लाई बंद होने से करीब 300 परिवारों के घर सुबह चूल्हा नहीं जला।

मंगलवार रात 11 बजे पाइपलाइन में लीकेज के बाद बंद हुई गैस सप्लाई 19 घंटे बाद भी शुरू नहीं हो सकी। ऐसे में कई परिवारों को नाश्ते के लिए बाहर जाना पड़ा, जबकि कुछ लोगों के घर रिश्तेदारों ने भोजन पहुंचाया। शाम छह बजे तक मरम्मत कार्य चल रहा है।

लोग करते रहे इंतजार, नहीं जला चूल्हा

सेक्टर-29 के आरडब्ल्यूए महासचिव सुबोध नागपाल, आरडब्ल्यूए उपप्रधान नारायण सिंह और कोषाध्यक्ष सोम दत्त, कार्यकारी सदस्य अरुण मित्तल ने बताया कि गैस की आपूर्ति बंद होने का सबसे अधिक असर सुबह देखने को मिला। प्रतिदिन की तरह नाश्ता और खाना बनाने के लिए रसोई में पहुंची महिलाओं को गैस नहीं मिली।

कई घरों में चूल्हा नहीं जल सका, जिसके चलते परिवारों को नाश्ते के लिए बाहर जाना पड़ा। कुछ लोगों ने वैकल्पिक इंतजाम किए, जबकि कई परिवार गैस सप्लाई शुरू होने का इंतजार करते रहे।

मरम्मत जारी, बहाली का इंतजार

एसके गुगलानी, एसके यादव एवं कपिल आजाद सहित अन्य स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस जैसी जरूरी सुविधा बाधित होने पर संबंधित एजेंसी को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को नियमित जानकारी भी देनी चाहिए थी। सुबह से कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।

हालांकि, खराबी का सटीक कारण और मरम्मत पूरी होने में लगने वाले समय को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस कारण प्रभावित परिवारों को यह पता नहीं चल पा रहा कि उन्हें कितनी देर तक वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ेगा। पाइपलाइन की खराबी जल्द दूर कर गैस आपूर्ति शुरू की जाए।

किसी ने सेंका ब्रेड तो कहीं परिवार ने बाहर खाना मंगवाया

पीएनजी कनेक्शन लेने वाले परिवारों को एलपीजी कनेक्शन नहीं मिलता है। लोगों के घरों में एलीजी गैस नहीं थी। ऐसे में विकल्प के तौर पर अधिकांश लोगों ने कैटल में चाय बनाई तथा टोस्टर में ब्रेड सेंककर सुबह का नाश्ता किया। जबकि दोपहर में लोगों ने होटल और ढाबों से खाना मंगवाया।

वहीं कुछ परिवारों के घर रिश्तेदारों ने भोजन पहुंचाया। इससे सबसे अधिक परेशानी उन महिलाओं को झेलनी पड़ी, जिनके घर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे और पति-पत्नी दोनों वर्किंग हैं। लोगों के मुताबिक कंपनी की ओर से देर शाम तक मरम्मत कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।

गैस नहीं होने के कारण बेहद परेशानी हुई। सुबह ब्रेड नाश्ते में ब्रेड खाया, जबकि दोपहर में बाहर से खरीदकर खाना मंगवाया गया। कब तक पाइपलाइन की मरम्मत होगी, इस संबंध में जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।

-अंजना बाला, स्थानीय निवासी।

हमारे घर में खाना बनाने के लिए पीएनजी गैस का ही इस्तेमाल होता है। सुबह गैस नहीं आई तो समझ नहीं आया कि नाश्ता कैसे तैयार करें। परिवार के सभी सदस्यों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। शाम को आफिस तो लौटे तो मरम्मत कार्य चल ही रहा था।
-रंजीता गुप्ता, स्थानीय निवासी।

यह भी पढ़ें- नजफगढ़ LPG ब्लास्ट: 12 दिन में 4 सदस्यों ने तोड़ा दम, हादसे में बचे बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया