विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी, बैंक लोन एंट्री के लिए रखी थी 2 लाख की डिमांड

Published: Mon, 05 Oct 2026 01:39 PM (IST)

सोनीपत के गन्नौर में एक पटवारी को बैंक लोन की एंट्री के लिए 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ...और पढ़ें

90 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार। जागरण

90 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार। जागरण

HighLights

  1. पटवारी सचिन को 90 हजार रिश्वत लेते पकड़ा गया।

  2. बैंक लोन एंट्री के लिए मांगी थी रिश्वत।

  3. भिवानी एसीबी टीम ने गन्नौर में की कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। सोनीपत में कंपनी के बैंक लोन की एंट्री राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने की एवज में रिश्वत मांगना गन्नौर के एक पटवारी को भारी पड़ गया।

भिवानी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सोमवार को गन्नौर तहसील परिसर में ट्रैप लगाकर पटवारी सचिन को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गांव उमेदगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है।

एक कंपनी ने बैंक से लोन लिया था। लोन स्वीकृत होने के बाद संबंधित संपत्ति की फर्द और राजस्व रिकॉर्ड में बैंक लोन की एंट्री की जानी थी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि बैंक के लोन से जुड़ी संपत्ति को बैंक की जानकारी के बिना बेचा न जा सके। इसी एंट्री को करने की एवज में पटवारी पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

WhatsApp Image 2026-10-05 at 12.51.46

बातचीत के बाद 1 लाख में सौदा

इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के अनुसार, कंपनी की ओर से संबंधित काम कराने वाले व्यक्ति से पटवारी सचिन ने कथित तौर पर 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग की थी। शिकायतकर्ता और पटवारी के बीच बातचीत के बाद रकम 1 लाख रुपये में तय हुई।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने पर भिवानी एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और रिश्वतखोरी पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।

90 हजार लेकर तहसील पहुंचा शिकायतकर्ता

तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता सोमवार को 90 हजार रुपये लेकर गन्नौर तहसील परिसर पहुंचा। यहां उसने पटवारी को रिश्वत की रकम दी। जैसे ही पटवारी ने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की 90 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी को गन्नौर थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।

इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपी पटवारी सचिन को गन्नौर तहसील परिसर से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 90 हजार रुपये बरामद हुए हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में FCRA पंजीकरण के नाम पर रिश्वतखोरी का आरोप, गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार