नाबालिग शूटर से यौन शोषण केस, SC से अंतरिम राहत के बाद भी पेश नहीं हुआ कोच; फरीदाबाद कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया
फरीदाबाद कोर्ट ने नाबालिग शूटर यौन शोषण मामले में कोच अंकुश भारद्वाज को भगोड़ा घोषित किया है। सुप्रीम कोर्ट से ...और पढ़ें

अंकुश भारद्वाज भगोड़ा घोषित। जागरण
HighLights
कोच अंकुश भारद्वाज को फरीदाबाद कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया।
सुप्रीम कोर्ट राहत के बाद भी जांच में नहीं हुआ शामिल।
नाबालिग शूटर के यौन शोषण मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नाबालिग राष्ट्रीय स्तर की शूटर के यौन शोषण के आरोपों से घिरे शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत मिलने के बावजूद जांच में शामिल नहीं होने पर अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया है।
पुलिस ने आरोपित की लगातार गैरमौजूदगी और जांच में शामिल नहीं होने का हवाला देते हुए अदालत में रिपोर्ट पेश की थी और उसे भगोड़ा घोषित करने की मांग की थी। अदालत ने पुलिस की मांग स्वीकार कर ली।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 27 अप्रैल को अंकुश भारद्वाज को अंतरिम राहत देते हुए गिरफ्तारी से संरक्षण दिया था। हालांकि यह राहत जांच में सहयोग करने की शर्त पर थी।
शीर्ष अदालत ने उसे 29 अप्रैल को जांच अधिकारी के सामने पेश होने और पूछताछ में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया था। पुलिस को अगली सुनवाई तक उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं करने के लिए कहा गया था। पुलिस के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद अंकुश भारद्वाज जांच में शामिल नहीं हुआ।
संपत्ति कुर्क करने की भी तैयारी, पुलिस को दिया आदेश
अदालत ने आरोपित की संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाने के लिए संबंधित थाना प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य आरोपित की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करना है। इसके लिए सीआरपीसी की धारा 83 के तहत प्रक्रिया अपनाने को कहा गया है।
छह जनवरी को दर्ज हुआ था मुकदमा
मामला 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की महिला शूटर की शिकायत से जुड़ा है। पीड़िता ने छह जनवरी 2026 को फरीदाबाद के महिला थाना एनआईटी में कोच अंकुश भारद्वाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 16 दिसंबर 2025 को दिल्ली के डॉ.कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद कोच ने उसे सूरजकुंड स्थित एक होटल में बुलाया और वहां उसका यौन शोषण किया। विरोध करने पर करियर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।