मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के करीब पहुंची पुलिस
जासं, फरीदाबाद: झारखंड से नाबालिग लड़कियों को लाकर दिल्ली-एनसीआर में बेचने वाले मानव तस्क
जासं, फरीदाबाद: झारखंड से नाबालिग लड़कियों को लाकर दिल्ली-एनसीआर में बेचने वाले मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क को पुलिस ध्वस्त करने के करीब पहुंच गई है। इन लड़कियों से घरों में सहायिका का काम लिया जाता है। रैकेट का मास्टर माइंड पुलिस के रडार पर है। उसकी गिरफ्तारी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर से बड़े स्तर पर घरों से नाबालिग लड़कियों के मुक्त होने की उम्मीद है। आरोपित की लोकेशन पुलिस को मिल गई है। पुलिस अभी उसकी गिरफ्तारी की योजना सहित व अन्य जानकारी देने से बच रही है। जनवरी में झारखंड की एक बच्ची को टीटू कॉलोनी धीरज नगर से चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद से मुक्त कराया गया था। बच्ची ने महिला पुलिस को बताया था कि उसे तीन साल पहले झारखंड से खरीदकर लाया गया। उसके बाद उसे दिल्ली में बेचा गया और दिल्ली से फरीदाबाद का एक युवक खरीद लाया। इस दौरान उससे कई बार मारपीट व दुष्कर्म हुआ था। पुलिस ने तब जांच के दौरान छह और लड़कियों को मुक्त कराया था। इस गिरोह का मास्टर माइंड तब पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था। क्राइम ब्रांच की टीमें तभी से उसकी तलाश में थीं।