'बड़ी व उत्तम सोच रखने से कर सकते हैं बड़े काम'
फरीदाबाद पुलिस आयुक्त ने कहा कि हमें हमेशा बड़ी और उत्तम सोच रखनी चाहिए तभी हम बड़े काम कर सकते हैं
जासं, फरीदाबाद : हमें हमेशा बड़ी और उत्तम सोच रखनी चाहिए, तभी हम बड़े काम कर सकते हैं। हमारी सोच कंप्यूटर में प्रोग्रामिग की तरह होती है। कंप्यूटर वहीं तक काम करता है, जहां तक कि उसमें प्रोग्रामिग की होती है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में पुलिस आयुक्त ओपी सिंह विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, एनआइटी-2 के अध्यापकों, विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त धारणा यादव, आदर्श दीप व जयपाल सिंह भी मौजूद थे।
पुलिस आयुक्त ने बच्चों को राष्ट्र की धरोहर बताते हुए कहा कि आने वाले समय में इनके कंधों पर देश संभालने का दायित्व होगा। ये अपने दायित्व का समुचित निर्वहन कर सकें, इन्हें इस लायक बनाने की अध्यापकों और माता-पिता की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा हमें बच्चों में इस तरह की सोच विकसित करनी चाहिए कि वे कुछ भी ऐसा न करें जिससे दूसरों का नुकसान हो। कानून नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए जाते हैं। इसलिए कानून का पालन करने वाले बनें। ओपी सिंह ने कहा कि कई बार बच्चों की शिकायत होती है कि कुछ ऐसे विषय भी पढ़ा दिए जाते हैं, जो जीवन में कहीं काम नहीं आते, लेकिन ऐसे विषयों की जानकारी से इस संसार को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलती है। जैसे कानून की जानकारी होने से हम अपराध करने से बचे रहते हैं और समाज की कई समस्याओं के समाधान का हिस्सा बनते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को खुलकर अपनी बात रखने के काबिल भी बनाना चाहिए। ये सारी चीजें केवल शिक्षा से ही संभव हैं। इसलिए अध्यापक का कार्य सबसे अधिक परमार्थ और पुरुषार्थ भरा होता है।